Publish Date: Sat, 22 Oct 2016 (16:42 IST)
Updated Date: Sat, 22 Oct 2016 (16:46 IST)
कन्नूर। केरल के कन्नूर जिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के स्थानीय नेता ए. अशोकन के घर पर बीती रात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कथित कार्यकर्ताओं ने बम फेंका जिसमें उनका सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने अशोकन के घर के बाहर शक्तिशाली स्टील बम से हमला कर दिया जिसके घर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और खिड़की के शीशे टूट गए। इस हमले में उनकी सुरक्षा में लगा पुलिस जवान रंजीत घायल हो गया। उसके पैर में चोट आई है और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इस घटना के बाद चेरुवानचेरी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अशोकन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला सचिव थे और जनवरी 2014 में वे माकपा में शामिल हुए थे। हालांकि भाजपा की जिला समिति ने दावा किया कि इस हमले में संघ परिवार या पार्टी का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सजा देने की मांग की है। (वार्ता)