Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

किडनी रैकेट से जुडे तीन और आरोपी गिरफ्तार

Advertiesment
Kidney racket
देहरादून। राजधानी देहरादून के निकट लाल तप्पड क्षेत्र में गुर्दा प्रत्यारोपण रैकेट में आज पुलिस ने यहां डोइवाला क्षेत्र से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हरियाणा के पंचकुला से कल गिरफ्तार रैकेट के सरगना अमित राउत सहित चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए जल्द ही पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
 
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सरिता डोभाल ने यहां बताया कि डोइवाला क्षेत्र से तीन और आरोपियों, अनुपमा चौधरी, जगदीश भाई और अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
 
सरिता ने बताया कि अनुपमा चौधरी अपने पति राजीव चौधरी के साथ मिलकर अस्पताल का प्रबंधन देखती थी जबकि गुजरात के सूरत के रहने वाले जगदीश भाई गुजरात में किडनी रैकेट के एजेंट के रूप में काम करता था। 
 
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीसरा आरोपी शर्मा एक फार्मेसी का मालिक है और गंगोत्री चैरिटेबल अस्पताल में गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए सभी दवाओं की आपूर्ति करता था। शर्मा हरिद्वार के कनखल ​क्षेत्र का रहने वाला है। इसके साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है।
 
इस रैकेट के सरगना अमित राउत, उसके भाई जीवन राउत, एक नर्स सरला और उनके चालक को पुलिस ने गत शुक्रवार और शनिवार की बीच की रात पंचकुला के एक होटल से गिरफ्तार किया था, जबकि 11 सितंबर को इस मामले के खुलासे के दिन ही पुलिस ने मुंबई निवासी एजेंट जावेद खान को गिरफ्तार कर लिया था।
 
हालांकि, मामले के एक अन्य मुख्य आरोपी, अमित राउत का पुत्र अक्षय अभी तक पुलिस के हाथ नहीं चढ़ा है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
 
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अनिल रतूडी ने बताया कि पंचकुला से गिरफ्तार चारों आरोपियों को कल न्यायालय में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी को जल्द ही पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इनसे अच्छी तरह पूछताछ कर रैकेट की तह तक पहुंचा जा सके। 
 
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस सभी प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों से अमित राउत के आपराधिक इतिहास की जानकारी ले रही है। पता चला है कि अमित पहले भी इस तरह के किडनी रैकेट चलाने के कारण कई प्रदेशों जैसे गुजरात और महाराष्ट्र में वांछित है।
 
दूसरी तरफ, अमित की पूरे देश में फैली संपत्त्यिों के रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। ऐसी जानकारियां मिल रही हैं कि अमित और उसके पुत्र अक्षय की अनेक प्रदेशों में कई बंगले और फ्लैट हैं जिनकी कुल कीमत कर्इ करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
 
जानकारी यह भी मिल रही है कि मुंबई में दोनों पिता—पुत्र आरोपियों का एक फाइव स्टार होटल भी है। राज्य पुलिस प्रमुख ने कहा, 'हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जानकारियां इकट्ठा कर रहे हैं ताकि हम आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटा सकें।'
 
हालांकि, रतूडी ने माना कि पुलिस को अभी तक किसी ऐसे शख्स की जानकारी नहीं मिल पायी है जिसे अमित ने गंगोत्री चैरिटेबल अस्पताल में गुर्दा प्रत्यारोपित किया हो। उन्होंने बताया कि गुर्दा लेने वालों के विषय में जानकारी हासिल करने के लिए गंगोत्री अस्पताल को भी खंगाला जा रहा है। रतूडी ने कहा कि पुलिस गुर्दा दान करने वालों को पीडित मानती है और इसलिए इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पर्स में मां की फोटो देखकर चोर ने लौटाया पर्स




Hanuman Chalisa In Hindi
Hanuman Chalisa In Hindi