Publish Date: Wed, 04 Jul 2018 (08:04 IST)
Updated Date: Wed, 04 Jul 2018 (12:56 IST)
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के गांदेरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर मंगलवार रात भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, बालटाल मार्ग पर रेलपत्री और बरारीमार्ग के बीच भूस्खलन हुआ। हादसे में चार पुरुषों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है और शवों को बालटाल आधार अस्पताल लाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस, अन्य सुरक्षा बल तथा बचाव एजेंसियां काम में जुटे हैं।
उल्लेखनीय है कि मौसम खराब होने के कारण बीते शनिवार से यात्रा रुकी हुई थी। मंगलवार को मौसम साफ होने पर यात्रा को शुरू किया गया था।
बालटाल आधार शिविर पर अचानक बाढ़ आई : जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर बालटाल के कार पार्किंग स्थल पर मंगलवार को अचानक से बाढ़ आ गई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस ने ट्विटर पर कहा कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल के कार पार्किंग स्थल पर मामूली बाढ़ आ गई। गाद को हटाने का काम करने के साथ ही पानी को निकालने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग अलर्ट है। छोटे वाहनों को सोनमार्ग पर ट्रक यार्ड ले जाया जा रहा है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम पुलिस के साथ मौके पर है। (भाषा)