Publish Date: Wed, 08 Jan 2020 (22:14 IST)
Updated Date: Thu, 09 Jan 2020 (18:42 IST)
नागपुर। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की हालत खस्ता होती जा रही है। जिला परिषद चुनाव में भाजपा और आरएसएस का गढ़ कहलाने में नागपुर में पार्टी की हार से भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। अब तक घोषित 58 सीटों में से 31 के परिणाम कांग्रेस के खाते में गए हैं जबकि भाजपा को सिर्फ 14 सीटें ही मिली हैं।
सनद रहे कि नागपुर में आरएसएस का मुख्यालय है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का गृह क्षेत्र भी नागपुर है। यहां भाजपा की हार तीनों बड़े नेताओं के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
गडकरी के गांव में हारा भाजपा उम्मीदवार : धापेवाड़ा नामक गांव केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गांव है और यहां पर भी कांग्रेस ने बाजी मारी है। धापेवाड़ा गांव में कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र डोंगरे ने जीत हासिल की है।
बावनकुले के कोराडी जिला परिषद सर्कल में कांग्रेस के उम्मीदवार नाना कंभाले ने भाजपा प्रत्याशी संजय मैन्द को शिकस्त दी। नाना को 8223 और संजय को 6923 वोट मिले।
नागपुर के हिंगना से पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता रमेश बंग के बेटे दिनेश बंग विजयी हुए। येनवा से शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के समीर उमप जीते। आरोली-कोदामेड़ी से कांग्रेस के योगेश देशमुख और गोधनी से कांग्रेस की ज्योति राऊत जीतीं। पथरई-वडंबा से कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठसदस्य शांता कुमरे तीसरी बार चुनाव जीतने में सफल हुईं। |