Publish Date: Thu, 02 Mar 2017 (23:39 IST)
Updated Date: Thu, 02 Mar 2017 (23:42 IST)
मुंबई। फिल्मकार महेश भट्ट को कथित तौर पर वसूली के लिए फोन करने वाले एक नाकाम व्यवसायी को आज लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान संदीप साहू (26) के रूप में की गई है। उसने बबलू श्रीवास्तव के नाम से उत्तर प्रदेश से फोन किया था। उसने भट्ट से 50 लाख रुपए की मांग की थी। श्रीवास्तव अंडरवर्ल्ड सरगना दाउद इब्राहिम का पूर्व सहयोगी है।
पुलिस के मुताबिक साहू ने हाल ही में भट्ट को व्हाट्सऐप पर संदेश भेज कर पैसे मांगे थे। उसने मांग पूरी नहीं करने की स्थिति में भट्ट की बेटी अदाकारा आलिया भट्ट और पत्नी सोनी राजदान को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। डीसीपी (अपराध) विनय राठौड़ ने बताया कि इसके बाद जुहू पुलिस ने एक मामला दर्ज किया और मुंबई अपराध शाखा की वसूली रोधी प्रकोष्ठ ने जांच शुरू कर दी थी।
मुंबई पुलिस ने लखनऊ की एक अदालत में साहू को पेश करने के बाद पांच मार्च तक के लिए उसकी ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि साहू को जूतों के कारोबार में पांच लाख रूपए का नुकसान हुआ था। इसके बाद वह फिल्मों में काम पाने के लिए कुछ महीने पहले मुंबई आया था, लेकिन खाली हाथ लौट गया। आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। (भाषा)