Publish Date: Mon, 17 Jul 2017 (15:40 IST)
Updated Date: Mon, 17 Jul 2017 (15:41 IST)
वॉशिंगटन। इस माह के अंत में नासा मंगल पर मौजूद 2 रोवरों और अपने 4 कृत्रिम उपग्रहों को निर्देश नहीं देगा, क्योंकि ग्रहों की गति के चलते पृथ्वी और मंगल के बीच संवाद बाधित होगा।
नासा ने कहा कि इस माह ग्रहों की गति के चलते मंगल पृथ्वी के लिहाज से सूर्य के लगभग पूरी तरह पीछे हो जाएगा। इससे पृथ्वी और मंगल के बीच का संवाद बाधित हो जाएगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि वह 22 जुलाई से 1 अगस्त तक मंगल की कक्षा में मौजूद 4 उपग्रहों और 2 रोवरों को निर्देश भेजने से परहेज करेगा।
कैलिफोर्निया में नासा की जेट प्रोपल्शन लैबोरेटरी के चाड एडवडर्स ने कहा कि सावधानी बरतते हुए इस अवधि में हम मंगल पर मौजूद अपनी संपदाओं से संवाद नहीं करेंगे, क्योंकि संवाद में खामी आने की आशंका है। हम यह जोखिम नहीं लेना चाहते कि हमारा अंतरिक्ष यान गलत निर्देश पर काम करे।
हालांकि मंगल से पृथ्वी पर डेटा आना जारी रहेगा। इस दौरान कुछ बिट्स के नुकसान या गड़बड़ी की आशंका है और डेटा को बाद में एक बार फिर ट्रांसमिट किया जाएगा। (भाषा)