Publish Date: Mon, 02 May 2016 (16:01 IST)
Updated Date: Mon, 02 May 2016 (16:05 IST)
ठाणे। ठाणे जिले में एक युवक ने 14 वर्षीय एक आदिवासी लड़की का एक विवाह समारोह में कथित बलात्कार किया। लड़की भी इस विवाह समारोह में शामिल होने आई थी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मोहिली गांव की लड़की 18 अप्रैल को निकटवर्ती गांव सोनटक्के में विवाह समारोह में शामिल होने गई थी।
उपनिरीक्षक शीतल बामने ने कहा कि विवाह समारोह के बाद वह विवाह आयोजन स्थल पर एक कमरे में सो रही थी। आरोपी लड़की को कमरे से जबरन उठाकर एक सुनसान जगह ले गया, जहां उसने उसका कथित बलात्कार किया। आरोपी की पहचान ईंट भट्ठे में काम करने वाले मयूर माकने (19) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को जानने वाले दो अन्य लोगों हरीश बॉम्बे और उदय बॉम्बे ने बाद में पीड़िता को कथित रूप से धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को कुछ बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हरीश और उदय भाई हैं और वे भी विवाह में शामिल हुए थे।
पीड़िता ने डर के कारण पुलिस को इस घटना की तत्काल सूचना नहीं दी लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर सोमवार सुबह शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता और तीनों आरोपी मोहिली गांव के बॉम्बे पाडा के ही रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पोक्सो की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है। (भाषा)