Publish Date: Fri, 06 Sep 2024 (17:17 IST)
Updated Date: Fri, 06 Sep 2024 (17:21 IST)
Mohanlal Baroli's statement on Haryana assembly elections : भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि उनकी पार्टी अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में किए गए समान विकास के आधार पर अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
बड़ौली ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसकी सरकार ने विकास और नौकरियों में हमेशा क्षेत्रवाद तथा भाई-भतीजावाद को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बार-बार लोगों द्वारा खारिज किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, हमने हरियाणा एक, हरियाणवी एक की भावना के साथ समान विकास किया।
बड़ौली ने कहा, लोगों ने भाजपा को सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है और हम फिर से स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। बड़ौली ने कहा, हम अपने विकास कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भाजपा शासन के तहत राज्य में सर्वांगीण विकास हुआ है और समाज के सभी वर्गों का कल्याण हुआ है।
भाजपा द्वारा राज्य की 90 विधानसभा सीट में से 67 सीट के लिए जारी की गई उम्मीदवारों की पहली सूची के बाद टिकट न मिलने से नाराज कुछ नेताओं द्वारा बगावत किए जाने के बारे में पूछे जाने पर बड़ौली ने कहा, जो थोड़ी बहुत नाराजगी होती है, तो उसको हम सब मिलजुलकर दूर करेंगे। यह पूछे जाने पर कि पार्टी बाकी उम्मीदवारों की घोषणा कब करेगी, उन्होंने कहा, हम जल्द ही ऐसा करेंगे।
बड़ौली ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ने किसानों, महिलाओं और गरीबों सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं तथा नौकरियां योग्यता के आधार पर दी गई हैं। जुलाई में बड़ौली को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मौजूदा विधायक बड़ौली सोनीपत सीट से करीबी मुकाबले में अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी से लोकसभा चुनाव हार गए थे।
भाजपा का हरियाणा में हैट्रिक बनाने का लक्ष्य है, लेकिन उसे फिर से उभर रही कांग्रेस से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जो सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने में है। नायब सिंह सैनी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour