Publish Date: Thu, 22 Nov 2018 (11:50 IST)
Updated Date: Thu, 22 Nov 2018 (11:51 IST)
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के सरेनी क्षेत्र में छेड़खानी करने का विरोध करने पर युवक ने एक किशोरी के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सरेनी निवासी एक किशोरी बुधवार रात घर में सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे गांव का एक युवक चंदन शर्मा दीवार फांदकर घर में घुस गया और कमरे में सो रही किशोरी के साथ छेड़खानी करने लगा। मना करने पर युवक ने उसे गालियां दीं और उसके साथ मारपीट की। युवक ने पास में रखी मिट्टी के तेल की पीपी से उसके ऊपर तेल उड़ेल दिया और चिराग से आग लगा दी जिससे किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई।
उन्होंने बताया कि किशोरी के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। (वार्ता)