Publish Date: Fri, 06 Apr 2018 (12:29 IST)
Updated Date: Fri, 06 Apr 2018 (12:31 IST)
ठाणे। मुंबई के पॉवरलूम शहर भिवंडी में झाड़ियों से 4 साल की लड़की का शव मिला है और उसके हाथ कटे हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गौतम नगर में रहने वाली लड़की मंगलवार शाम अपने घर के पास से लापता हो गई थी।
लड़की अपने भाई के साथ अपने घर के नजदीक एक खाली मैदान में दूसरे बच्चों के साथ खेलने गई थी। भिवंडी पुलिस के तहत आने वाले भोईवाड़ा के वरिष्ठ निरीक्षक वीडी भिसे ने कहा कि उसका भाई घर लौट आया जबकि लड़की दूसरे बच्चों के साथ खेलती रही।
उन्होंने बताया कि जब देर शाम तक बच्ची घर नहीं लौटी तो उसके माता-पिता उसे ढूंढने निकले। लड़की के न मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को लड़की का शव उसके घर से मात्र 300 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में मिला और उसके हाथ कटे हुए थे तथा लड़की की गर्दन के पीछे चोट के निशान थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभी हत्या के मकसद का पता नहीं चला है तथा जांच में ही पता चलेगा कि क्या यह बच्चों की बलि का मामला है? (भाषा)