Publish Date: Thu, 16 Feb 2017 (17:10 IST)
Updated Date: Thu, 16 Feb 2017 (17:15 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के क्षेत्र नागपुर में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने गुरुवार को भाजपा पर जबरदस्त निशाना साधा और कहा कि शहर को निश्चित रूप से भाजपा की पकड़ से बचाना होगा। लिहाजा पार्टी ने हैरानी जताई कि शहर दुनिया की आपराधिक राजधानी बनने की दिशा में अग्रसर है।
अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में शिवसेना ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके लोग (भाजपा नेता) मुंबई और पुणे पर नजरें गड़ाए हैं, जबकि मुख्यमंत्री का खुद का शहर खस्ताहाल बना हुआ है। मुख्यमंत्री मुंबई की तुलना पटना से कर चुके हैं, जबकि उन्हें तो दुनिया की आपराधिक राजधानी बनते नागपुर के बारे में पहले जवाब देना चाहिए।
यह संपादकीय निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में सामने आया है। निकाय चुनावों में अभी बेहद कम समय रह गया है और केंद्र एवं राज्य में सत्ता में होने के बावजूद दोनों पार्टियां हमेशा की तरह एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाती रही हैं।
हालिया संपादकीय में कहा गया है कि नागपुर डेंगू की गिरफ्त में था और भाजपा शासित महापालिका प्रशासन इसे फैलने से रोकने में नाकाम रही थी जबकि शिवसेना शासित मुंबई निगम ने इस स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम किए थे।
संपादकीय में दावा किया गया कि नागपुर में अवैध निर्माण फलफूल रहा है और शहर की समूची सड़कों को खोदा जा रहा है जिसके चलते कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके अनुसार, शहर में कोई ऐसी सड़क या फुटपाथ नहीं है, जहां गडढे नहीं हों। सड़कों की हालत बदतर करने के लिए ठेकेदारों को सजा भी नहीं दी गई। (भाषा)