Publish Date: Tue, 27 Feb 2024 (15:44 IST)
Updated Date: Tue, 27 Feb 2024 (15:59 IST)
मुंबई। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे से उस समय चूक हो गई जब उन्होंने पश्चिमी चिकित्सा पद्धति की पहली भारतीय महिला चिकित्सक मानी जाने वाली आनंदी जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की लेकिन उनकी जगह एक अभिनेत्री की तस्वीर संलग्न कर दी।
आनंदी जोशी तत्कालीन बंबई प्रेसीडेंसी से पहली ऐसी महिला थीं जिन्होंने पश्चिमी चिकित्सा पद्धति का अध्ययन करने के लिए अमेरिका में पढ़ाई की थी और 2 साल की डिग्री प्राप्त की थी। उनका जन्म 1865 में कल्याण (अब ठाणे जिले में है) में हुआ और 26 फरवरी 1887 को उनका निधन हुआ।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री राणे ने सोमवार को जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट साझा की लेकिन उन्होंने इसके साथ डॉ. जोशी के बजाय अभिनेत्री भाग्यश्री मिलिंद की तस्वीर संलग्न कर दी।
उल्लेखनीय है कि भाग्यश्री मिलिंद ने 2019 में रिलीज हुई डॉ. जोशी के जीवन पर आधारित मराठी फिल्म आनंदी गोपाल में उनकी भूमिका निभाई थी।
राणे की यह पोस्ट वायरल हो गई और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस गलती के लिए उनका मजाक उड़ाया और उनकी आलोचना की। मंत्री ने करीब 12 घंटे बाद यह पोस्ट हटा दी। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें