हरियाणा के CM सैनी का दावा, अनिल विज मुझसे नाराज नहीं
सैनी ने कहा कि विज पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी बात कहने का अधिकार है। सैनी की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब विज पिछले कुछ दिनों से लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं।
Publish Date: Tue, 04 Feb 2025 (19:21 IST)
Updated Date: Tue, 04 Feb 2025 (19:30 IST)
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Naib Singh Saini) ने मंगलवार को दावा किया कि ऊर्जा और परिवहन मंत्री अनिल विज (Anil Vij) उनसे नाराज नहीं हैं। सैनी ने कहा कि विज पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी बात कहने का अधिकार है। सैनी की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब विज पिछले कुछ दिनों से लगातार उन पर निशाना साध रहे हैं।
क्या विज नाराज हैं, सैनी ने कहा कि कोई 'नाराजगी' नहीं है : यह पूछे जाने पर कि क्या विज नाराज हैं, सैनी ने कहा कि कोई 'नाराजगी' नहीं है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि हम मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक में साथ थे। हमने एक विभाग की समीक्षा बैठक भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। कोई नाराजगी नहीं है। उन्हें अपनी बात कहने का अधिकार है।
7 बार के विधायक विज ने सोमवार को कुछ तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया था कि मुख्यमंत्री सैनी के एक 'मित्र' के साथ देखे गए 'कार्यकर्ता' एक निर्दलीय उम्मीदवार के साथ भी देखे गए जिसे उन्होंने पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों में हराया था।
विज अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार चित्रा सरवारा को हराकर विधायक बने थे। उन्होंने 31 जनवरी को कहा था कि उन्हें चुनाव में हराने की कोशिश करने वाले अधिकारियों सहित अन्य लोगों का मुद्दा सार्वजनिक रूप से उठाए हुए 100 दिन से अधिक समय हो गया है, लेकिन इन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विज ने सैनी पर कटाक्ष करते हुए यह कहा था : विज ने सैनी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि पदभार संभालने के दिन से ही वह (सैनी) उड़नखटोला (हेलीकॉप्टर) पर सवार हैं। अगर वह नीचे उतरें तो उन्हें लोगों की पीड़ा दिखाई देगी। रविवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा था कि मुझसे सब कुछ छीना जा सकता है, लेकिन मेरी वरिष्ठता नहीं छीनी जा सकती। मैं 7 बार का विधायक हूं।
ALSO READ: डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन करेंगे हरियाणा के मंत्री अनिल विज, अधिकारियों से क्यों हैं नाराज?
विज ने 30 जनवरी को अधिकारियों द्वारा उनके आदेशों का पालन नहीं करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी और कहा था कि अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की खातिर वह किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन पर जाने के लिए तैयार हैं।
हरियाणा में 2014 में जब पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई थी, तब विज और राम बिलास शर्मा जैसे भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन पार्टी ने उस समय पहली बार विधायक बने मनोहरलाल को मुख्यमंत्री बनाया।
मार्च 2024 में विज ने असंतोष करते हुए कहा था कि जब भाजपा ने मनोहरलाल को मुख्यमंत्री पद से हटाने और नायब सिंह सैनी को लाने का फैसला किया तो उनसे परामर्श नहीं किया गया। विज ने दावा किया था कि उन्हें इस बदलाव के बारे में चंडीगढ़ में भाजपा विधायकों की बैठक के दौरान ही पता चला, जब सैनी के नाम की घोषणा की गई।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें