Publish Date: Tue, 26 Dec 2017 (12:38 IST)
Updated Date: Tue, 26 Dec 2017 (12:41 IST)
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा के थाना सेक्टर 49 इलाके के बरौला गांव में मंगलवार सुबह गांव के बाहर पेड़ से लटकी हुई दो सगी बहनों की लाश मिली है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लक्ष्मी (18) और निशा (13) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बच्चियों को उनके सभी रिश्तेदार अक्सर परेशान किया करते थे, उन्हीं लोगों ने उनकी हत्या की है।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि सुबह थाना सेक्टर 49 पुलिस को सूचना मिली थी कि बरौला गांव के बाहर दो लड़कियों के शव लटके हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पेड़ से उतार लिया और दोनों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक लड़कियों की मां का आरोप लगाया है, उनके ही सगे रिश्तेदार उनकी लड़कियों को काफी दिनों से परेशान कर रहे थे। उन्होंने ही दोनों लड़कियों की हत्या कर शव को रिश्तेदार नंदोई व उनके भतीजों ने घटना को अंजाम दिया है।
मृतक लड़कियों की मां राजेंद्र देवी का कहना है कि उसके रिश्तेदार ऋषि, बबलू, रवि और रोहित उनके घर पर रात को आते थे और कई बार जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। उनका कहना हैं कि हमें नहीं पता था कि वो सच में हमारी बेटियों की हत्या कर देगें, लेकिन जब सुबह पुलिस ने हमारे घर के गेट को खटखटाया और घटना के बारे में बताया तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। फिलहाल पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (वार्ता)