Publish Date: Sat, 24 Mar 2018 (12:28 IST)
Updated Date: Sat, 24 Mar 2018 (12:32 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों पर शुक्रवार को हुए चुनाव में सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के 1 विधायक पर क्रॉस वोटिंग के लगे आरोपों के संबंध में पार्टी अध्यक्ष और पिछड़ा कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्पष्टीकरण मांग लिया है।
राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी के विधायक कैलाश सोनकर पर क्रॉस वोटिंग कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के आरोप लग रहे हैं। इस संबंध में समाचार चैनलों और अखबारों में खबरें भी आई हैं।
उन्होंने कहा कि सोनकर को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि उन पर लग रहे आरोप की सत्यता क्या है? जवाब दें। उनसे जल्द से जल्द नोटिस का उत्तर देने के लिए कहा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सुभासपा भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का एक घटक दल है। राज्यसभा चुनाव में घटक दलों को भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना था, लेकिन सोनकर द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने की चर्चा जोरों पर थी। सुभासपा के कुल 4 विधायक हैं। (वार्ता)