Publish Date: Thu, 17 Sep 2020 (10:23 IST)
Updated Date: Thu, 17 Sep 2020 (10:27 IST)
जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे 2 सेक्टरों के पास अग्रिम इलाकों में गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना ने भी इसका माकूल जवाब दिया।
प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह करीब पौने 7 बजे बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए बालाकोटा और मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। पाकिस्तानी सेना इस महीने 24 बार संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन कर चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की थी और मोर्टार के गोले दागे थे। इस घटना में सेना का 1 जवान शहीद हो गया था और 1 अधिकारी सहित 2 अन्य घायल हो गए थे। वहीं 2 सितंबर को राजौरी के केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए संघर्षविराम उल्लंघन में 1 जेसीओ मारा गया था। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Thu, 17 Sep 2020 (10:23 IST)
Updated Date: Thu, 17 Sep 2020 (10:27 IST)