Publish Date: Sat, 29 Feb 2020 (09:37 IST)
Updated Date: Sat, 29 Feb 2020 (09:38 IST)
जयपुर। अहमदाबाद से जयपुर आ रही गो एयर की फ्लाइट जी8-702 में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब टेक ऑफ के वक्त उसमें कबूतर घुस गया। यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।
विमान में कबूतर देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। नाराज यात्रियों ने इस पर विमान में हंगामा कर दिया। बाद में विमान का गेट खोल क्रू मेंबर ने इसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बताया जा रहा है कि अहमदाबाद से जयपुर आ रही इस फ्लाइट को शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे एप्रिन पर लाया गया। जब फ्लाइट में सभी यात्री बैठ गए तो फ्लाइट्स के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद फ्लाइट शाम 4.50 बजे टेक ऑफ के लिए रनवे पर आने ही वाली थी, तभी एक यात्री ने अपना हैंड बैग रखने के लिए फ्लाइट के लगेज शैल्फ को खोला जिसमें से कबूतर निकला। कबूतर को फ्लाइट में देख सभी यात्री हैरान रह गए।
एयरलाइंस स्टाफ ने घटना की जानकारी तुरंत ग्राउंड स्टाफ को दी। इसके बाद फ्लाइट का गेट खोला गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद कबूतर को फ्लाइट से बाहर निकाला गया।