Publish Date: Tue, 23 Feb 2021 (10:29 IST)
Updated Date: Tue, 23 Feb 2021 (14:04 IST)
चिकबलपुर। कर्नाटक के चिकबलपुर में पत्थर की एक खदान में जिलेटिन की छड़ों को हटाते समय मंगलवार तड़के हुए विस्फोट में 6 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के गृह निवास शिवमोगा में 22 जनवरी को भी एक ऐसे ही हादसे में छह लोगों की ही मौत हो गई थी।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री एवं चिकबलपुर से विधायक के. सुधाकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शव बेहद बुरी हालत में थे। पुलिस के अनुसार, घटना पेरसेंड्रा के पास हिरणागवल्ली में हुई।
स्थानीय लोगों द्वारा जिलेटिन की छड़ों के अधिक इस्तेमाल की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने सात फरवरी को यहां उत्खनन रोक दिया था, लेकिन अवैध रूप से यहां काम जारी था। कुछ दिन पहले यहां छापा भी मारा गया था और ठेकेदार को जिलेटिन का इस्तेमाल ना करने को लेकर चेतावनी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह यह हादसा उस समय हुआ, जब ये लोग जिलेटिन की छड़ें हटाने की कोशिश कर रहे थे।
इस बीच, सुधाकर ने कहा कि गैरकानूनी तरीके से विस्फोटक रखने वाले खदानों के मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।