Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Bandra Worli Sea Link: 18 प्रतिशत बढ़ाया गया टोल शुल्क, 1 अप्रैल से लागू होंगी नई दरें

ट्रकों के एक ओर से गुजरने पर 210 रुपए का शुल्क लगेगा

हमें फॉलो करें bandra varsova sea link to be named on savarkar

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 29 मार्च 2024 (15:54 IST)
Bandra Worli Sea Link : मुंबई के राजीव गांधी बांद्रा-वर्ली सी लिंक (Bandra-Worli Sea Link) पुल पर टोल शुल्क (Toll fee) करीब 18 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है और नई दरें 1 अप्रैल से प्रभावी होंगी। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

 
ये रहेगा शु्ल्क अलग-अलग वाहनों पर : एमएसआरडीसी के प्रवक्ता ने बताया कि कार और जीप के लिए एक ओर की यात्रा पर 100 रुपए शुल्क लिया जाएगा जबकि मिनी बस, टेम्पो और इसी तरह के अन्य वाहनों से 160 रुपए लिया जाएगा। अरब सागर पर बने इस केबल पुल के जरिए ट्रकों के एक ओर से गुजरने पर 210 रुपए का शुल्क लिया जाएगा।
 
अब तक यह था शुल्क : अब तक 8 लेन वाले इस पुल से एक ओर से गुजरने पर कार एवं जीप के लिए 85 रुपए, मिनी बस के लिए 130 रुपए और ट्रक एवं बस के लिए 175 रुपए का शुल्क निर्धारित था। ये दरें 1 अप्रैल 2021 से प्रभावी थीं। उन्होंने कहा कि सी लिंक पर टोल शुल्क की नई दरें 1 अप्रैल 2024 से लागू होंगी और ये 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी। साल 2009 में सी लिंक को यातायात के लिए खोला गया था।

 
एमएसआरडीसी के प्रवक्ता ने कहा कि पुल से बार-बार गुजरने वाले यात्रियों के लिए वापसी यात्रा पास और दैनिक पास की दरें उनके संबंधित एकतरफा टोल शुल्क से 1.5 गुना और 2.5 गुना होंगी। उन्होंने कहा कि मासिक पास की लागत उनकी संबंधित एकतरफा यात्रा दरों से 50 गुना होगी।
 
बांद्रा-वर्सोवा तटीय सड़क से जोड़ने का फैसला : अधिकारियों ने बताया कि सी लिंक को दक्षिणी छोर पर निर्माणाधीन मरीन ड्राइव-वर्ली तटीय सड़क और उत्तरी छोर पर बांद्रा-वर्सोवा तटीय सड़क से जोड़ने का फैसला लिया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल में दक्षिण मुंबई में वर्ली और मरीन ड्राइव के बीच 10.5 किलोमीटर लंबी तटीय सड़क परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया था। यह हिस्सा फिलहाल शुल्क मुक्त है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हरदीप पुरी ने क्यों की सुनीता केजरीवाल की तुलना राबड़ी देवी से