Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर सड़क हादसे में 7 मरे

Advertiesment
हमें फॉलो करें श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर सड़क हादसे में 7 मरे

सुरेश एस डुग्गर

श्रीनगर , गुरुवार, 19 मार्च 2015 (19:08 IST)
श्रीनगर। भारी भूस्खलन के कारण बंद हुआ श्रीनगर-जम्मू हाईवे बुधवार  रात को चार दिन बाद खुला। खुलते ही बनिहाल के पास एक भीषण हादसा हुआ जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। यह हादसा श्रीनगर हाईवे पर स्थित शैतानी नाल्ला के पास हुआ है।
 
जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रही एक टाटा सूमो गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक के घायल होने की खबर है। इस गाड़ी में सवार सभी यात्री राज्य के बाहर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये सभी बिहार के रहने वाले थे। मजदूरी के लिए श्रीनगर जा रहे थे।
 
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और सेना ने स्थानीय लोगों की मदद से लोगों के निकालने का काम शुरू किया। सूमो में सवार लोगों में से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उपचार के लिए ले जा रहे घायलों में से एक ने रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई। घायलों को प्रथामिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया। यात्रियों के गंभीर घायल होने की वजह से उन्हें एसकेआईएमएस श्रीनगर ले जाया गया है।
 
हादसे में मरने वालों में हुसैन इमाम पुत्र करीमउल्लाह शाह, अहमदउल्ला अंसारी पुत्र ताजमुल्लाह, फरमान शाह पुत्र रहमतउल्लाह शाह, रसूल अंसारी पुत्र उस्मान अंसारी, हारुन शाह सभी चंपारन बिहार के रहने वाले हैं। बाकी की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे की शिकार हुई टाटा सूमो को पंपोर निवासी मो यूसुफ चला रहा था। हादसे के शिकार हुए लोगों में ड्राइवर भी शामिल है।
 
इस बीच जम्मू कश्मीर में भारी बारिश एवं बर्फबारी के बाद हुए भूस्खलन के कारण लगातार चार दिनों से बंद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को एक तरफ से आवाजाही के लिए दोबारा खोल दिया गया। कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला 300 किलोमीटर लंबा राजमार्ग जम्मू कश्मीर के मौसम में सुधार के बाद गुरुवार सुबह एकतरफा आवाजाही के लिए खोल दिया गया। 
 
यातायात पुलिस ने बताया कि राजमार्ग को हलके वाहन के लिए खोला गया और उन्हें जम्मू से श्रीनगर जाने की इजाजत दी गई है। हालांकि, विपरीत दिशा से वाहनों को आने की इजाजत नहीं दी गई है। इसी मार्ग के जरिये घाटी में आवश्यक पदार्थों की आपूर्ति की जाती है, जो खराब मौसम के कारण अक्सर प्रभावित हो जाती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को शुष्क मौसम की संभावना व्यक्त की है।
 
श्रीनगर में गुरुवार को धूप निकली और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। पहलगाम और गुलमर्ग में तापमान में तेज गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे क्रमशः 7.4 डिग्री और 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, लेह और करगिल में तापमान क्रमशः शून्य से 7.4 डिग्री और 9.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि जम्मू में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi