Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हिमाचल में भारी बारिश से सड़कें बंद, एक व्‍यक्ति की मौत, 2 घायल

हमें फॉलो करें हिमाचल में भारी बारिश से सड़कें बंद, एक व्‍यक्ति की मौत, 2 घायल
शिमला/ऊना , शनिवार, 8 जुलाई 2023 (01:25 IST)
Himachal Pradesh Weather News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भारी बारिश के कारण एक गुरुद्वारे की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। ऊना जिले के एक गांव से 130 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में गुरुवार शाम तक लगभग 59 सड़कें बंद थीं और 24 जून से इस मानसून सीजन के दौरान राज्य को लगभग 320 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम दत्यार के पास भूस्खलन के बाद सोलन जिले में कसौली-घरखाल-धरमपुर सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है।
 
भूस्खलन के मलबे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पांच (शिमला-चंडीगढ़) पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ क्योंकि कसौली सड़क इसके ठीक ऊपर है। यह जानकारी उन्होंने शुक्रवार को दी। गुरुवार रात सिरमौर जिले के पांवटा साहिब गुरुद्वारे की छत ढह गई जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तराखंड के हरिद्वार के मिलनदीप सिंह के रूप में हुई।
 
ऊना जिले में पास के नाले में बाढ़ आने के बाद चढतगढ़ गांव के एक श्मशान में लगभग 130 लोग फंस गए। ग्रामीणों को अपनी जान बचाने के लिए जलती चिता को पानी में छोड़कर पास की छतों पर चढ़ना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ऊना के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विश्वदेव मोहन चौहान मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग की मदद से ग्रामीणों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद सभी लोगों को बचा लिया गया है।
 
गुरुवार रात से राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें ऊना में 31 मिमी, सोलन में 22.5 मिमी, सराहन में 22 मिमी, जुब्बारहट्टी में 20 मिमी, भरमौर और मशोबरा में 15.15 मिमी बारिश दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने 9 जुलाई तक मैदानी, निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश, भूस्खलन से महिला की मौत