जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में एक भव्य शादी समारोह में भारत और पाकिस्तान के दो शाही परिवारों के बीच शुक्रवार को परिणय सूत्र के जरिए रिश्ते जुड़े।
पाकिस्तान से 100 से अधिक की संख्या में आए मेहमानों सहित भारी संख्या में अतिथि यहां एक हेरीटेज होटल में मौजूद थे जब कुंवर करणी सिंह सोढा (पाकिस्तान के उमरकोट के सोढा राजपूत परिवार के) और कानोता परिवार की पद्मिनी राठौड़ एक दूसरे से परिणय सूत्र में बंधे।
मेहमानों का शाही अंदाज में स्वागत किया गया। लोक कलाकारों ने एक कार्यक्रम भी किया। मुगलई तथा राजस्थानी भोजन परोसे गए। बारात में सजे धजे हाथी और घोड़े भी थे। बारात तिरुमति सर्किल से चलकर नारायण निवास पैलेस पहुंची।
दुल्हन के पिता मान सिंह कानोता ने कहा कि यह शादी दोनों परिवारों ने तय की थी और दूल्हा पाकिस्तान के एक जाने-माने सोढ़ा परिवार से है। दूल्हे के पिता राणा हमीर सिंह ने कहा कि दोनों ही परिवार इस नए रिश्ते को लेकर खुश हैं। एक पारिवारिक सूत्र ने बताया कि दूल्हा दुल्हन के होली के बाद पाकिस्तान रवाना होने का कार्यक्रम है। (भाषा)