Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

हरियाणा में सत्ता के पक्ष में लहर, भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ लौटेगी : किरण चौधरी

हमें फॉलो करें हरियाणा में सत्ता के पक्ष में लहर, भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ लौटेगी : किरण चौधरी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

चंडीगढ़ , गुरुवार, 19 सितम्बर 2024 (17:08 IST)
Statement of Kiran Chaudhary regarding Haryana assembly elections : भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने कहा है कि हरियाणा में 'सत्ता समर्थक' लहर है और मतदाता महसूस कर रहे हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी ने पिछले 10 वर्ष में उनके जीवन को बदल दिया है। किरण कांग्रेस से 3 दशक तक जुड़े रहने के बाद इस वर्ष जून में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई थीं।
 
किरण ने विश्वास जताया कि उनकी बेटी श्रुति चौधरी पारिवारिक गढ़ तोशाम से कांग्रेस के उम्मीदवार और अपने चचेरे भाई अनिरुद्ध चौधरी के खिलाफ चुनाव जीत जाएंगी। श्रुति पूर्व सांसद हैं और किरण के साथ वे भी भाजपा में शामिल हुईं थीं। राज्य की 90 सदस्‍यीय विधानसभा के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होना है। किरण चौधरी (69) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू और राज्य के पूर्व मंत्री दिवंगत सुरेन्द्र सिंह की पत्नी हैं।
किरण चौधरी को हरियाणा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बनाया गया था जिसमें वे निर्विरोध जीत गईं। वहीं उनकी बेटी को तोशाम से टिकट दिया गया है। किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। लोग पिछले 10 वर्ष में हुए राज्य के समग्र विकास के आधार पर वोट देंगे। सत्ता विरोधी लहर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, हरियाणा में सत्ता समर्थक लहर है और लोगों को एहसास है कि पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने उनके जीवन को बदल दिया है और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों से हर वर्ग खुश है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कई कल्याणकारी पहल की गई हैं और योजनाएं लाई गई हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि हरियाणा 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद कर रहा है। पिछले महीने मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य में कम बारिश के मद्देनजर खरीफ फसलों के लिए किसानों को 2,000 रुपए प्रति एकड़ बोनस देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पूर्व पार्टी (कांग्रेस) ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया और उनका इस्तेमाल केवल राजनीति करने के लिए करती है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को किसानों की विशेष चिंता है और उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल के 100 दिन में ही कई किसान हितैषी नीतियां लागू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि श्रुति का प्रचार अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है और वे आसानी से जीत हासिल करेंगी। हरियाणा में मतों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।(भाषा)
Edited by: Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हरियाणा के रण में BJP को एक और झटका, मनोहरलाल खट्टर के भतीजे ने थामा कांग्रेस का हाथ