Publish Date: Mon, 02 Jul 2018 (11:45 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jul 2018 (11:50 IST)
सूरत। डिंडोली इलाके में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक महिला और एक बच्ची समेत कुल तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मां ने बच्चे को हवा में उछाल दिया। बच्चे को एक अन्य महिला ने झटके से लपके लिया, जिससे बच्चे की जान बच गई।
खबरों के मुताबिक रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार आ रही पजेरो एसयूवी को देखकर एक बाइक सवार दंपति रोहित और लक्ष्मी ने गाड़ी रैलिंग की ओर मोड़ दी। इससे दोनों बच गए और संभलकर वहीं खड़े हो गए। उनके पीछे चल रही मोटरसाइकलें पजेरो की चपेट में आ गईं।
इनमें से एक बाइक पर एक पति-पत्नी, उनका 6 महीने का बेटा और करीब 8-9 साल की बेटी बैठी थी। टक्कर के कारर वे ब्रिज से नीचे गिरने लगे। तभी महिला ने गिरते वक्त रोहित और लक्ष्मी को देख लिया। 6 महीने के बेटे को बचाने के लिए उसने फौरन उसे हवा में उछाल दिया।
लक्ष्मी ने उसे झटके में लपक लिया। इससे बच्चे की जान बच गई। इस घटना में बच्चे की जान तो बच गई, लेकिन ब्रिज से 30 फुट नीचे गिरने से माता-पिता की मौत हो गई बच्चे की बहन की भी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद पजेरो में सवार तीन लोग उतरकर भाग गए। चश्मदीदों के मुताबिक पजेरो चलाने वाला नशे में था। हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं। (एजेंसियां) (फोटो सौजन्य : यूट्यूब)