Publish Date: Wed, 18 Jan 2017 (14:01 IST)
Updated Date: Wed, 18 Jan 2017 (14:05 IST)
पूर्व गृहमंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे को बुधवार को यहां नोटबंदी के मुद्दे पर रिजर्व बैंक कार्यालय में तालाबंदी के पार्टी के कार्यक्रम के दौरान अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला को भी इस दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। अपनी गिरफ्तारी से पहले शिंदे ने कहा कि नोटबंदी के चलते गरीबों और मजदूरों को बहुत परेशानी हो रही है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों से प्रधानमंत्री पर अपने प्रतिबंधों को हटाने का दबाव बनेगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच कांग्रेस की कुछ महिला सदस्यों को भी पुलिस ने उस समय पकड़ लिया, जब वे रिजर्व बैंक के स्थानीय मुख्य कार्यालय के मुख्य द्वार को बंद करने का प्रयास कर रही थीं। कार्यक्रम के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात कर दिया गया था।
नोटबंदी की घोषणा के कुछ समय बाद से ही इसका विरोध कर रही कांग्रेस पिछले कुछ समय से गुजरात भर में बैंकों की तालाबंदी का कार्यक्रम आयोजित कर रही थी। (वार्ता)