Publish Date: Tue, 18 Feb 2020 (15:06 IST)
Updated Date: Tue, 18 Feb 2020 (15:13 IST)
गुजरात के भुज इलाके के सहजानंद गर्ल्स इंस्टीट्यूट में छात्राओं के मासिक धर्म के दौरान अंतर्वस्त्र उतरवाकर जांच करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि स्वामी नारायण मंदिर के एक स्वामी का विवादित बयान सामने आ गया है।
भुज मंदिर के स्वामी कृष्णस्वरूपदासजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें स्वामीजी कह रहे हैं कि मासिक धर्म के दौरान अगर महिला के हाथ से बना हुआ खाना अगर कोई खा लेता है तो उसे कुत्ते और बैल की योनि में जन्म लेना पड़ता है।
दरअसल, स्वामीजी महावारी विषय पर अपने विचार प्रकट कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग स्वामीजी से यह सवाल भी पूछ रहे हैं कि वे ऐसे स्वामी समाज की बुराइयों को किस तरह समाप्त करेंगे।
ऐसे समय जब महिला सशक्तिकरण की बात हो रही है और मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली भ्रातियों को मिटाने का प्रयास किया जा रहा हो, स्वामीजी का यह बयान शर्मनाक कहा जा सकता है।
(Photo courtesy: YouTube)