Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बस में घूमे तमिलनाडु के सीएम स्टालिन, किया कई जनकल्याणकारी योजनाओं का ऐलान

हमें फॉलो करें बस में घूमे तमिलनाडु के सीएम स्टालिन, किया कई जनकल्याणकारी योजनाओं का ऐलान
, शनिवार, 7 मई 2022 (15:28 IST)
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाली सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को चेन्नई में महानगर परिवहन निगम (MTC) की एक बस में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की। स्टालिन ने इसके बाद विधानसभा में कई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा भी की।
 
मुख्यमंत्री ने शहर के व्यस्त राधाकृष्णन सलाई मार्ग पर मार्ग संख्या 29 सी की बस में यात्रा की और सफर कर रहे लोगों से बातचीत की।
 
उन्होंने विशेष रूप से महिला यात्रियों से बात की और उनके लिए बस में मुफ्त यात्रा सुविधा के बारे में जानकारी ली। स्टालिन ने द्रमुक सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर विधानसभा में कई घोषणाएं कीं, जिनमें सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए नाश्ता उपलब्ध कराने जैसी योजना शामिल है।
 
गौरतलब है कि द्रमुक ने अप्रैल 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी घोषणापत्र में सत्ता में आने पर राज्य में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया था।
 
स्टालिन ने इस अवसर पर यहां मरीना में द्रमुक के संस्थापक सी एन अन्नादुरई और अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
 
मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणा में कहा कि सरकारी स्कूलों के पहली से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों को सभी कार्य दिवसों में पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों की चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए और अधिक शहरी चिकित्सा सुविधाएं स्थापित करने की भी घोषणा की।
 
स्टालिन ने विपक्ष में 10 साल रहने के बाद वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को चिरप्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक के खिलाफ निर्णायक जीत दिलाई थी। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले कार्यकाल की शुरुआत की। इससे पहले वह 2006-2011 की द्रमुक सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दिल्ली में 5 लाख बांग्लादेशी और रोहिंग्या, भाजपा ने मांगी जानकारी