Publish Date: Thu, 29 Mar 2018 (19:55 IST)
Updated Date: Thu, 29 Mar 2018 (20:00 IST)
अहमदाबाद। उत्तर गुजरात और कच्छ के कुछ हिस्सों में आज भी जारी रहे बेमौसम के ताप लहर के बीच ईडर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। राज्य में कम से कम पांच स्थानों पर तापमान 42 डिग्री से अधिक रहा और 10 से अधिक जगहों पर यह 40 डिग्री के ऊपर रहा।
शुष्क उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते ताप लहर का प्रभाव साबरकांठा, बनासकांठा जैसे उत्तरी जिलों के अलावा कच्छ तथा सुरेन्द्रनगर जिलों के कुछ हिस्सों में महसूस किया गया। अहमदाबाद शहर में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री था जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के आज जारी बुलेटिन में अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं होने की बात कही गई है। कल के लिए तापलहर की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राज्य के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान (डिग्री में) इस प्रकार रहा- अहमदाबाद 41.0, 22.7 राजकोट 41.6, 21.3 डीसा 42.4, 21.0 वेरावल 30.6, 22.6 गांधीनगर 41.2, 23.0 इडर 43.4, 23.8 सुरेन्द्रनगर 42.8, 24.4 वडोदरा 40.5, 22.4 भुज 41.6, 20.8 सूरत 34.2,23.4 वलसाड 33.4,17.1 नलिया 42.5, 21.7 कंडला 42.6, 19.5 भावनगर 38.1, 23.0 द्वारका 30.0,23.5।
(वार्ता)