Publish Date: Sat, 07 Nov 2015 (14:05 IST)
Updated Date: Sat, 07 Nov 2015 (17:01 IST)
मथुरा। उत्तरप्रदेश के वृंदावन स्थित भजनकुटी नामक आश्रम को कुछ लोगों ने कथित तौर पर ढहा दिया। आश्रम में वृद्घ विधवा महिलाएं समेत साधु एवं विद्यार्थी रहते थे।
पुलिस ने शनिवार को यहां बताया कि दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार हमलावरों ने आश्रम में घुसकर पहले तो हवा में गोलीबारी की और फिर जेसीबी मशीनों से तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध कर रहे लोगों को पीटा गया। बताया जाता है कि आश्रम के 4 साधुओं को हमलावर साथ ले गए।
भजनकुटी सेवा संस्थान के सचिव बालकृष्ण देवाचार्य ने बताया कि यह आश्रम नेपाली समाज के लोगों ने करीब 150 वर्ष पूर्व स्थापित किया था। आश्रम में नेपाल से आईं करीब 40 विधवाएं और साधु-संत रहते हैं। नेपाली छात्रों को भी यहां संस्कृत एवं हिन्दू धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान पुलिस से भी मदद मांगी गई, जो नहीं मिली। इस घटना के बाद गुस्साए संतों और लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भजनकुटी का पुनर्निर्माण करने का आश्वासन देने के बाद लोग वहां से हटे।
वृंदावन कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में भजनकुटी सेवा संस्थान के सचिव बालकृष्ण देवाचार्य की तहरीर पर 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। (भाषा)