Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather updates : समूचा राजस्थान भीषण लू की चपेट में, उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी से बेहाल

हमें फॉलो करें Weather updates : समूचा राजस्थान भीषण लू की चपेट में, उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी से बेहाल
, सोमवार, 25 मई 2020 (21:54 IST)
जयपुर/लखनऊ। समूचा राजस्थान इन दिनों तेज गर्म हवाओं यानी लू की चपेट में है, जहां ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश में भी प्रचंड गर्मी से लोगों का बुरा हाल है।
 
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन और राजस्थान में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में चुरू देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से घरों में रहने और अपना ध्यान रखने की अपील की है ताकि वे लू की चपेट में नहीं आएं।
 
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के प्रवक्ता के अनुसार अगले तीन दिन जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर व कोटा संभाग कुछेक स्थानों पर तीव्र लू हीट वेव तथा काफी स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
webdunia
विभाग के अनुसार 3 दिन बाद 29 मई से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में 2-3 डिग्री से. तक गिरावट होगी तथा लू से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 29-30 मई को जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
 
मुख्यमंत्री गहलोत ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जनता से अपील की है कि जहां तक हो सके वे घरों में रहें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। बाहर जाएं तों अपने सिर को ढककर रखें ताकि लू से बच सकें।

इस बीच सोमवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। यह चुरू में 47.5 डिग्री सेल्सियस, गंगागनर में 46.9 डिग्री, बीकानेर में 46.8 डिग्री, कोटा में 46.5 डिग्री, बाड़मेर में 45.5 डिग्री, जयपुर में 44.7 डिग्री, जोधपुर में 44.4 डिग्री, अजमेर में 44.0 डिग्री व डबोक में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उप्र के कई हिस्से लू की चपेट में : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच कई हिस्से लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है और अगले दो तीन दिन तक भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है।
 
विभाग ने बताया कि वाराणसी, फैजाबाद और लखनऊ मंडलों में दिन का तापमान काफी बढ़ गया। इलाहाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बरेली और मेरठ मंडलों में यह सामान्य से अधिक रहा। सबसे अधिक 46.3 प्रतिशत तापमान इलाहाबाद में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में कई हिस्सों में लू चलना जारी रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मई को कहीं कहीं बारिश हो सकती है।

हरियाणा, पंजाब में सबसे गर्म रहा नारनौल, पारा 45.8 डिग्री पहुंचा : हरियाणा एवं पंजाब में सोमवार को मौसम काफी गर्म रहा। दोनों राज्यों में हरियाणा का नारनौल सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
हरियाणा के हिसार में दिन में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, वहीं भिवानी में पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। करनाल में 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
अमृतसर और लुधियाना में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.8 और 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक (42) दर्ज किया गया।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारत में बढ़े Corona के मामले, चीन ने अपने नागरिकों को वापस बुलाने का किया फैसला