Publish Date: Fri, 20 Apr 2018 (12:36 IST)
Updated Date: Fri, 20 Apr 2018 (12:41 IST)
गुडगांव। गुडगांव के एक अस्पताल में जांच के लिए आई एक गर्भवती महिला ने चेकअप के लिए 2 घंटे से अधिक वक्त तक इंतजार किया और अंत में शौचालय गई, जहां उसका 6 माह का भ्रूण गर्भ से निकलकर गिर गया। अस्पताल के एक अधिकारी तथा महिला के पति ने यह जानकारी दी।
महिला के पति गोविंद कुमार ने बताया कि सुनीता (27) गुरुवार को गुडगांव के सरकारी अस्पताल गई थी, जहां उसे जांच के लिए 2 घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इससे उसके पेट में दर्द शुरू हो गया और जब वह शौचालय गई तो वहां उसका 6 माह का भ्रूण गर्भ से निकलकर गिर गया।
कुमार ने बताया कि उसने पेट में दर्द की शिकायत की जिसके बाद मैंने और मेरी मां ने उसे शौचालय जाने के लिए कहा। वह शौचालय गई वहां अंधेरा था, उसे रक्तस्राव हुआ और वह बाहर आ गई। उस रक्तस्राव से सुनीता इतनी भयभीत हो गई कि उसे पता ही नहीं चला कि भ्रूण शौचालय में ही गर्भ से निकलकर गिर गया है। बाद में अस्पताल के एक कर्मचारी ने शौचालय में भ्रूण देखकर अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रदीप शर्मा ने घटना की पुष्टि करते कहा कि जब हमें घटना के बारे में पता चला तो हमने महिला की तलाश की और उसे गायनेकोलॉजी वार्ड में भर्ती किया तथा यह यकीन करना मुश्किल है कि महिला का भ्रूण शौचालय में गिर गया और उसे पता तक नहीं चला? (भाषा)