Publish Date: Sat, 17 Mar 2018 (00:47 IST)
Updated Date: Sat, 17 Mar 2018 (00:52 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट को आंत संबंधी दिक्कतों के कारण शुक्रवार को यहां एम्स में भर्ती कराया गया।
एम्स के एक सूत्र ने कहा कि उन्हें गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग के अधीन अस्पताल के पुराने निजी वार्ड में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर है।
सूत्र ने कहा, ‘उनकी आंत में अवरोध की तकलीफ के चलते उन्हें शाम छह बजकर 40 मिनट पर भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की और हम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उनकी हालत स्थिर है।’
बिष्ट का इससे पहले देहरादून के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था और शुक्रवार को उन्हें एक एयर एंबुलेंस के जरिए एम्स लाया गया। (भाषा)