पृथ्वीराज चव्हाण बने रहेंगे महाराष्ट्र के सीएम
नई दिल्ली , गुरुवार, 10 जुलाई 2014 (22:58 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस आलाकमान ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण अपने पद पर बने रहेंगे। इसके साथ ही चुनाव वाले इस राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।उच्च पदस्थ पार्टी सूत्रों ने कहा, महाराष्ट्र में कोई बदलाव नहीं होगा। मुख्यमंत्री बने रहेंगे। यह कहकर उन्होंने हाल में हुए लोकसभा चुनाव में राज्य में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के मद्देनजर चव्हाण को बदले जाने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया।पार्टी का यह संकेत मुख्यमंत्री द्वारा आज पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात किए जाने के बाद आया। चव्हाण ने कल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और बाद में उन्होंने कहा था कि सोनिया के साथ उनकी बहुत अच्छी मुलाकात रही जिसके दौरान उन्होंने महाराष्ट्र में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों के बारे में चर्चा की।लोकसभा चुनाव में पार्टी की भारी पराजय के बाद महाराष्ट्र में पार्टी नेताओं के एक वर्ग ने मुख्यमंत्री के पद से चव्हाण को हटाने की मांग की थी। (भाषा)