अब मुझे माफ भी कर दो यार
माफी माँगने से बनते हैं बिगड़ते रिश्ते
- मिताली
किसी बात को लेकर लोगों में आपसी मतभेद हो जाना आम बात है लेकिन कभी-कभी यह मतभेद उग्र रूप भी ले लेता है। अगर आपके और आपके सबसे अच्छे दोस्त के बीच में झगड़ा हो गया है और आपने अपने दोस्त को कुछ ऐसा कह दिया जिससे उसकी भावनाओं को ठेस पहुँची है तो तुरंत उससे माफी माँग लीजिए। अब आप यह सोच रहे हैं कि किस तरह से माफी माँगे कि बरसों की दोस्ती को टूटने से बचाया जा सके? हम आपको यहाँ बता रहे हैं कुछ ऐसे टिप्स जिन्हें अपनाकर आप किसी से अपनी गलती के लिए माफी माँग सकते हैं। यकीनन आपकी मित्रता वापस अपने दोस्त से हो जाएगी। कार्ड या फूल उपहार में दे : जब भी आपका दोस्त आपसे नाराज हो तो उससे सीधे माफी न माँगकर उन्हें कार्ड या फूल भेजें। आपके इस उपहार से उसके चेहरे पर एक हल्की मुस्कान आ जाएगी और आपके रिश्ते में पड़ी खटास दूर हो जाएगी। इस तरह आप उसके प्रति अपनी भावनाएँ जाहिर कर सकते हैं।मैसेज भेजें : आप माफी माँगने के लिए मैसेज भी भेज सकते हैं। यह माफी माँगने का दिलचस्प तरीका है। गुस्से में हो सकता है कि आपका दोस्त आपका फोन ही न उठाए लेकिन मैसेज तो वह पढ़ ही लेगा। इस तरह आप उनसे माफी माँग सकते हैं, कोई गलतफहमी है तो उसे भी दूर कर सकते हैं।
अगर किसी गंभीर बात पर आपका दोस्त आपसे नाराज हो गया हो तो खुद ही पहल करें। कभी ये न सोचें कि वही आपको फोन करेगा। अगर गलती आपकी है तो पहले खुद ही कॉल करें।
कोशिश करते रहिए : अगर बार-बार माफी माँगने के बाद भी आपको सफलता नहीं मिल रही है तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं। अगर आप कोशिश करते रहेंगे तो एक दिन उन्हें अहसास होगा कि आप सच्चे दिल से माफी माँग रहे हैं। आखिरकार गलती आपने की है तो नतीजा भी तो आपको की भुगतना ही पड़ेगा।वक्त बड़ा बलवान : कहते हैं कि समय बड़े से बड़े घाव पर मरहम लगा देता है। समय के साथ उनका गुस्सा भी धीरे-धीरे शांत हो जाएगा। अगर आपको शुरुआती कोशिशों में सफलता न मिल पाई हो तो कोई बात नहीं। एक सप्ताह बाद कार्ड या फूल भेजकर फिर से कोशिश करें।खुद कॉल करें : अगर किसी गंभीर बात पर आपका दोस्त आपसे नाराज हो गया हो तो खुद ही पहल करें। कभी ये न सोचें कि वही आपको फोन करेगा। अगर गलती आपकी है तो पहले खुद ही कॉल करें। साथ ही, अगर आपको लगता हो कि इस बारे में बातचीत करने से झगड़ा बढ़ जाएगा तो उनसे मिलने के बजाय पहले कॉल करें।न अपनाएँ रक्षात्मक रुख : कभी रक्षात्मक मत बनिए। बात सिर्फ इतनी-सी है कि आप अपनी गलती पहचान गए हैं और भूल सुधार करना चाहते हैं इसलिए आक्रामक होने की जरूरत नहीं है।समय दीजिए : अपनी ओर से पहल करने के बाद दूसरे व्यक्ति को सोचने का मौका दीजिए। ऐसा नहीं है कि आप एक बार माफी माँगेंगे और सामने वाला व्यक्ति आपको माफ कर देगा। उन्हें सोचने दीजिए। आप कुछ दिन बाद उन्हें कॉल कर फिर से माफी माँग सकते हैं।पहले शांति, फिर माफी : अगर आपको अपनी पत्नी या रूम पार्टनर से माफी माँगनी है जिनके साथ आप 24 घंटे रहते हैं तो उन्हें कुछ समय देना जरूरी है। शांत होने के बाद वह आपकी भावनाओं को अच्छी तरह समझ सकेंगे। जब दोनों का दिमाग ठंडा हो, तभी किसी मसले पर बात करना उचित रहता है।नतीजे की परवाह नहीं : माफी माँगने के बाद अगर दूसरा व्यक्ति आपको वहाँ से जाने के लिए कहता है तो तुरंत वह जगह छोड़ दीजिए। अगर उन्होंने आपकी गलती बिना किसी हिचक के माफ कर दी तो वह आपके लिए काफी अच्छा रहेगा। बाद में जो भी हालात बने, आपको उसे खुले दिल से स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए।दोबारा न करें गलती : इसके बाद अगली बार से कुछ भी करने या कहने से पहले पूरी तरह सावधान रहिए। कोशिश करें कि आपसे वही गलती दोबारा न हों क्योंकि लोगों के लिए सबसे मुश्किल काम माफी माँगना ही होता है। और वह भी उस गलती के लिए जो आप पहले भी कर चुके हैं और उसे फिर से दोहरा रहे हैं।