Publish Date: Mon, 21 Apr 2025 (16:32 IST)
Updated Date: Tue, 22 Apr 2025 (09:14 IST)
Kailash Mansarovar Yatra: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के जल्द ही दोबारा बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए आपके पास पासपोर्ट और वीजा होना जरूरी है। यात्रा कि एक अनुमानित लागत 1,80,000 से 3,00,000 रुपए प्रति व्यक्ति हो सकती है। कैलाश मानसरोवर यात्रा जून के पहले सप्ताह से प्रारंभ होकर सितंबर के पहले सप्ताह तक चलती है। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होता है। यदि आप यहां की यात्रा करना चाहते हैं तो जानिए कि कैसे आप रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इन चीजों की रहेगी आवश्यकता:
-
पासपोर्ट (6 महीने वैध)
-
वीजा एवं परमिट
-
18 से 70 वर्ष की उम्र
-
आधार/पैन कार्ड की कॉपी
-
मतदाता पहचान पत्र
-
पासपोर्ट साइज़ रंगीन फोटो
-
मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट
-
विदेश मंत्रालय का यात्रा अनुमति पत्र
-
यात्रा अवधि औसतन 15 से 24 दिन
-
यात्रा खर्च रूट के चयन और परिवहन पर आधारित है
-
जरूरी सामान में हेल्थ किट, रेनकोट, ठंड से बचने का सूट
कैलाश मानसरोवर जाने के 2 मार्ग है- पहला उत्तराखंड के लिपुलेख से है। यहां से धारचूला जाते हैं और वहां से पैदल यात्रा प्रारंभ होती है। यह कठिन ट्रेकिंग वाला मार्ग है। दूसरा रास्ता नाथुला दर्रा है जिसके लिए सिक्किम के गंगकोट जाते हैं और वहां से यह यात्रा प्रारंभ होती है। वाहन से यात्रा संभव, बुजुर्गों के लिए उपयुक्त। आप जिस भी रास्ते से जाना चाहते हैं रजिस्ट्रेशन करते वक्त उसमें यह मेंशन करना होगा।
कितने लोग जाते हैं कैलाश पर्वत मानसरोवर: विदेश मंत्रालय अभी 1 वर्ष में 18 जत्थों में 1,000 से अधिक तीर्थयात्रियों को कैलाश मानसरोवर ले जाता है और यह यात्रा 22 दिनों की होती है। एक जत्थे में 60 यात्री रहते हैं। सभी यात्रियों का हेल्थ चेकअप होने के बाद यात्रियों की 3 दिन की दिल्ली में ट्रेनिंग भी होती है। शारीरिक रूप से सक्षम लोगों को ही यात्रा की अनुमति मिलती है। दिल्ली में ITO स्थित ITBP अस्पताल में मेडिकल चेकअप होता है।
यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कहां पर होता है?
इस यात्रा की सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत तिब्बत सीमा पुलिस की होती है। इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम और सिक्किम पर्यटन विकास निगम यात्रा कर रहे लोगों को सहयोग और मदद देती है। वहीं यात्रा कर रहे लोगों का 'दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट' की ओर से फिटनेस टेस्ट किया जाता है। विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर आपको यात्रा खर्च का संपूर्ण विवरण मिल जाएगा।
ऑनलाइन पंजीकरण करने के लिए, आप विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो, पासपोर्ट की प्रतियां, फोन नंबर और ईमेल आईडी शामिल हैं। आधार कार्ड, पैन कार्ड, और मतदाता पहचान पत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी आदि लगती है।
कौन कर सकता है यात्रा: भारतीय नागरिक, जिनकी आयु 18 से 70 वर्ष के बीच होना चाहिए और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अस्थमा, हृदय रोग आदि नहीं होना चाहिए तो ही आप यात्रा कर सकते हो। बॉडी मास इंडेक्स (BMI) 27 या उससे कम हो। साधारण भारतीय पासपोर्ट अगले छह महीने के लिए वैध)। कम्प्यूटर जनित लॉटरी प्रणाली के द्वारा यात्री का चयन होता है। यात्रा की पुष्टि के लिए 5,000 रुपये की अप्रतिदेय राशि जमा करनी होती है। निजी टूर ऑपरेटरों के माध्यम से भी आप रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।