Publish Date: Fri, 12 Nov 2021 (13:27 IST)
Updated Date: Fri, 12 Nov 2021 (14:08 IST)
World's Largest nathdwara shiv murti height : भगवान शिव की विश्व में कई विशालकाय प्रतिमाएं हैं, जैसे नेपाल में 143 फुट ऊंची प्रतिमा है, जबकि भारत में ईशा फाऊंटेशन ने 112 फुट ऊंची शिव प्रतीमा बनाई है परंतु ये शिवजी की पूर्ण मूर्ति नहीं है। लेकिन आपको जानकार आश्चर्य होगा कि राजस्थान के नाथद्वारा में दुनिया की सबसे बड़ी शिव मूर्ति स्थित है।
इस मूर्ति की ऊंचाई करीब 351 फुट है। ये इतनी ऊंची है कि 20 किमी दूर से भी नजर आती है। इस मूर्ति को हेलिकॉप्टर से देखने के लिए जॉय राइड की शुरुआत की गई है। अब एक हजार फीट की ऊंचाई से दुनिया की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा को देखा जा सकता है। हर कोई इस खूबसूरत व्यू देखने अपने कैमरे में कैद करना चाहेगा। नाथद्वारा में जॉयराइड सेवा पर्यटकों को खूब लुभा रही है। आप करीब 7 मिनट तक आसमान से इस प्रतिमा के विहंगम दृश्य को अपनी आंखों में कैद कर सकते हैं। 2700 रुपए प्रति सवारी किराया है, जबकि 8 साल से छोटे बच्चों का 1500 रुपए किराया है।
कहा जा रहा है कि गणेश टेकरी पर बनने वाली शिव प्रतिमा के लिए 110 फीट ऊंचा आधार बनाया गया है। बरसात धूप से बचाने के लिए मूर्ति पर जिंक की कोटिंग कर कॉपर कलर किया गया है, जो 20 साल तक फीका नहीं पड़ेगा। मूर्ति के अंदर बारह तल बनाए गए है। मूर्ति के अंदर 4 लिफ्ट लगाई गई है। जिनमें से 2 लिफ्ट में एक बार में 29-29 श्रद्धालु 110 फीट तक और दूसरी लिफ्ट में 13-13 श्रद्धालु 280 फीट तक एक साथ आ जा सकेंगे। यहां श्रद्धालुओं के लिए चार लिफ्ट लगाई गई है। इसके अलावा 3 सीढ़ियां हैं। इसके अलावा अंदर पानी के 55 हजार लीटर के दो वाटरफॉल बनाए हैं। जिसमें एक वाटरफॉल से शिवजी का अभिषेक होगा। दूसरा पानी आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होगा। यह आधार और मूर्ति भूकंपरोधी है। इसके साथ ही 250 किमी रफ्तार में हवा चलने के दौरान भी प्रतिमा पर कोई दबाव नहीं पड़ेगा।