Publish Date: Sat, 20 Aug 2016 (12:10 IST)
Updated Date: Sat, 20 Aug 2016 (12:14 IST)
रियो डि जेनेरियो। पहले 2 दौर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय गोल्फर अदिति अशोक ने तीसरे दौर में 8 ओवर 79 का स्कोर बनाया जिससे वह रियो ओलंपिक की महिला गोल्फ स्पर्धा में कुल 2 ओवर 215 के स्कोर के साथ संयुक्त 31वें स्थान पर खिसक गई।
अदिति पहले 2 दौर के बाद संयुक्त 8वें स्थान पर चल रही थी और वह पदक की दौड़ में बनी हुई थी लेकिन तीसरे दौर में वह 23 स्थान नीचे खिसक गई। इससे वह पदक की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है।
इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले 2 होल में समान 3 अंडर 68 का स्कोर बनाया था लेकिन तीसरे दौर के अंतिम 9 होल में उन्होंने बेहद खराब प्रदर्शन किया तथा 5 बोगी की।
अदिति ने दूसरे होल में बोगी की लेकिन इसके बाद उन्होंने 5वें होल में बर्डी बनाकर वापसी की। 7वें होल में वह फिर से बोगी कर गई और इस तरह से पहले 9 होल के बाद उनका स्कोर 1 ओवर 36 था। आखिरी 9 होल में भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई।
दक्षिण कोरिया की इनबी पार्क ने तीसरे दौर में 1 अंडर 70 के स्कोर से कुल 11 अंडर 202 के स्कोर के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी है। न्यूजीलैंड की लीडिया को (6 अंडर 65) और अमेरिका की गेरिना पिलर (3 अंडर 68) कुल 9 अंडर 204 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रही हैं। (भाषा)