Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारतीय तीरंदाज बोम्बायला देवी प्री क्वार्टर फाइनल में

हमें फॉलो करें भारतीय तीरंदाज बोम्बायला देवी प्री क्वार्टर फाइनल में
, गुरुवार, 11 अगस्त 2016 (00:09 IST)
रियो डि जेनेरियो। भारतीय तीरंदाज बोम्बायला लैशराम देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक दो मुकाबले जीतकर बुधवार को रियो ओलंपिक की महिला व्यक्तिगत तीरंदाजी प्रतियोगिता के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
         
बोम्बायला ने पहले आस्ट्रिया की लारेंस बेलडॉफ को 6-2 से पराजित किया और फिर ताइपे की लिन शिह चिया को भी 6-2 से हरा दिया। भारतीय तीरंदाज ने कुछ मिनटों के अंतराल में हुए इन दोनों मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर राउंड 16 में जगह बनाने के साथ अपनी पदक उम्मीदों को कायम रखा। 
                 
बोम्बायला ने बेलडॉफ के खिलाफ पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले तीनों सेट जीत लिये। बोम्बायला ने पहला सेट 24-27 से गंवाया लेकिन उसके बाद उन्होंने सटीक निशाने साधते हुए अगले तीन सेट 28-24,27-23 और 26-24 से जीत लिये। 
                  
दूसरे सेट में बोम्बायला ने 10, 9 और 9 तथा तीसरे सेट में 9, 9, 9 के निशाने साधे। चौथे सेट में उन्होंने 9, 9 और 8 के स्कोर किये। आस्ट्रिया की बेलडॉफ पहले सेट के प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख पाईं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 
           
बोम्बायला ने अगले मैच में ताइपे की चिया को 27-24, 27-24, 26-27 और 28-26 से हराया। भारतीय तीरंदाज ने चारों सेट में एक-एक बार टेन मारा। चिया ने हालांकि तीसरे सेट में लगातार दो टेन मारकर इस सेट को 27-26 से जीता लेकिन बोम्बायला ने चौथे सेट में 10, 9 और 9 के स्कोर कर यह सेट 28-26 से जीतकर अगले दौर में जगह बना ली।

बोम्बायला ने टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन भारतीय टीम को क्वार्टरफाइनल में रूस से हार का सामना करना पड़ा था। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जीतू चूके, ओलंपिक अभियान समाप्त