Publish Date: Mon, 22 Aug 2016 (00:00 IST)
Updated Date: Mon, 22 Aug 2016 (00:11 IST)
रियो डि जेनेरियो। रूस ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर रियो ओलंपिक में लगातार पांचवीं बार महिला लयबद्ध जिमनास्टिक का स्वर्ण पदक रविवार को जीत लिया।
रूसी महिला टीम ने 36.233 का स्कोर कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्पेन ने 35.766 के स्कोर के साथ रजत और 2014 की विश्व चैंपियन बुलगारिया ने भी इतने ही स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
1996 की स्वर्ण पदक विजेता टीम स्पेन से उम्मीद की जा रही थी कि वह रूस का पदक बरकरार रखने का सपना इस बार तोड़ देगा लेकिन रिबन डिस्प्ले की बदौलत रूस ने अपना पदक बरकरार रखा और स्वर्ण पदक पर लगातार पांचवीं बार कब्जा किया।
रूस की एनास्तासिया तातारेवा ने जीत के बाद कहा, हम पहले रोटेशन को लेकर चिंता में थे जब सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। रिबन एक बार आपस में भिड़ गए और फ्लोर पर गिर गए थे। इसके बाद हमने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराने के लक्ष्य के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। (वार्ता)