Publish Date: Wed, 10 Aug 2016 (22:36 IST)
Updated Date: Wed, 10 Aug 2016 (22:40 IST)
नई दिल्ली। रियो ओलंपिक में भारत के सद्भावना दूत सचिन तेंदुलकर ने भारतीय खिलाड़ियों पर विवादित टिप्पणी देने वाली प्रख्यात लेखिका शोभा डे को करारा जवाब देते हुए कहा है कि खेलों के सबसे बड़े आयोजन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना कोई मजाक नहीं है।
शोभा ने सोमवार को ट्वीट कर कहा था, ओलंपिक में भरतीय खिलाड़ियों का लक्ष्य है- रियो जाओ, सेल्फी लो, खाली हाथ वापस आओ। धन और अवसर की ये कैसी बर्बादी है। अपने इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर शोभा निशाने पर आ गईं हैं।
भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने खेलगांव का दौरा करने वाले सचिन ने यहां वापसी के बाद कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना मजाक नहीं है। सचिन ने कहा, ओलंपिक धरती का सबसे बड़ा खेल आयोजन है जहां विश्वभर के शीर्ष एथलीट जमा होते हैं और इसमें हिस्सा लेना मजाक नहीं है।
सचिन ने कहा, प्रत्येक एथलीट का ओलंपिक जैसे बड़े आयोजन में खेलना सपना होता है और वह जीत के लिए अपना शत-प्रतिशत देता है। हमें उनकी खिंचाई की जगह उनका समर्थन करना चाहिए ताकि वे अच्छा प्रदर्शन कर देश के लिए पदक हासिल कर सकें।
इससे पहले कई दिग्गज एथलीटों ने भी शोभा डे के बयान पर नाराजगी जाहिर की थी। अपने आखिरी ओलंपिक रियो में पदक से चूकने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने इसे अनुचित बताया था और कहा था, यह ठीक नहीं है। आपको अपने देश के एथलीटों पर गर्व होना चाहिए जो पूरे विश्व के खिलाड़ियों का सामना कर रहे हैं। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Wed, 10 Aug 2016 (22:36 IST)
Updated Date: Wed, 10 Aug 2016 (22:40 IST)