Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सपनों-सा सुंदर है ऑस्ट्रेलिया...

हमें फॉलो करें सपनों-सा सुंदर है ऑस्ट्रेलिया...
- अंजल‍ि तिवारी

आप अगर अपनी महबूबा के साथ ख़्वाबों की सैर पर जाना चाहें, तो आप कहां जाना चाहेंगे?

चमकीली रेत, दूर-दूर तक फैला नीला समंदर, और शानदार मौसम या फिर उछलते-कूदते कंगारुओं के बीच जंगल की सैर या दुनिया के सात प्राकृतिक अजूबों में शामिल ग्रेट बैरियर रीफ़ की रंग-बिरंगी रोमांचक पानी की दुनिया में या समुद्र के किनारे बने बेहतरीन ओपेरा हॉउस में एक शो देखने... और अगर हम कहें, कि आपके ख्व़ाब की कोई एक बात नहीं, बल्कि पूरा सपना ही सच हो सकता है।

जी हां, चौंकिए नहीं ! आपके ख़्वाबों से भी सुंदर है ऑस्ट्रेलिया। यहां वो भी मिलेगा, जो आपने कभी सोचा ना होगा। इसलिए तो कहते हैं ‘देयर इज़ नथिंग लाइक ऑस्ट्रेलिया’।


webdunia
FILE


दिलकश समुद्र तट :- ऑस्ट्रेलिया की बात हो और इसके खूबसूरत शानदार बीचेस का ज़िक्र न हो भला ऐसा कैसे हो सकता है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के समुद्री हिस्से के नज़ारे बेहद आकर्षक और रोमांचक हैं। ऑस्ट्रेलिया में कई दिलकश समुद्र तट हैं जहां का सुहावना मौसम और साफ़ पानी आपको पानी में अटखेलियां करने के लिए मजबूर कर देगा।

यहां के व्हाइट संडे समुद्र तट को तो व्हाइट हेवन तक कहा जाता है क्योंकि यहां सफेद रेत पाई जाती है जिसमें करीब 98% शुद्ध सिलिका मौजूद होता है, जो सूर्य की रोशनी में बेहद चमकदार दिखाई देता है। दरअसल व्हाइट संडे द्वीप क्रिस्टल सफेद समुद्र तटों का एक प्रवेश द्वार है।

इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में टरकाइस बे एक्स्मोथ काफ़ी खूबसूरत है। यही वजह है कि पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का ये समुद्र तट सैलानियों के सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का एक और खूबसूरत तट है केबल बीच। क्वीन्सलैंड के बेहद आकर्षक तट बुरले हेड्स बीच और कोलनगट्टा बीच भी काफ़ी मशहूर हैं।

इतना ही नहीं, न्यू साऊथ वेल्स का सुन्दर बीच बैरन बे हो या फिर सिडनी का मैनली बीच और पाम बीच, पोर्ट डगलस का फॉर माइल बीच हो या पर्थ का कोटेसल बीच पर्यटकों को सभी अपनी ओर खींचते हैं क्योंकि इन बीचेस पर जाकर ऐसा लगता है कि प्रकृति ने जैसे खुले हाथों से ऑस्ट्रेलिया पर खूबसुरती लुटाई है।


कंगारू आइलैंड :- कंगारू मूलतः ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासी हैं और ये ऑस्ट्रेलिया के विकास का प्रतीक है, क्योंकि कंगारू हमेशा आगे की ओर ही चलता है, कभी पीछे नहीं चलता। ये आस्ट्रेलिया का राष्ट्रीय पशु भी है। अगर आपको कंगारू देखना है तो चले आइए कंगारू द्वीप। यहां आप कंगारू के अलावा डॉल्फिन, समुद्र शेर, पेंगुइन, ईगल, व्हेल भी देख सकते हैं।

कैर्न्स :- केर्न्स ग्रेट बैरियर रीफ़ यात्राओं के लिए इंट्री पाइंट है। ग्रेट बैरियर रीफ़ दुनिया में सबसे बड़ी मूंगे की चट्टानें है। ये उत्तर-पूर्वी ऑस्ट्रेलियाई तट के साथ 8 करोड़ एकड़ जमीन पर फैली हैं। दुनिया के सात प्राकृतिक अजूबों में ग्रेट बैरियर रीफ़ भी शामिल है। दूर से देखने पर ही इसकी खूबसूरती का अंदाजा लगाया जा सकता है। ये दुनिया के कुछ नायाब समुद्री जीवों का घर है और यहां आप उनका नज़दीक से निरीक्षण कर सकते हैं।

अनोखे और दुर्लभ समुद्री जीव-जंतु :- ऑस्ट्रेलिया में आकर्षक जंगली जीव-जंतुओं से लेकर समुद्री जानवरों तक सब कुछ यहां देखने के लिए मिल जायेगा। दुनिया में रेंगने वाले जंतुओं की सबसे ज्यादा किस्में यहीं पाई जाती हैं।

व्हेल की ज्यादातर प्रजातियों, डॉल्फिन्स और पोर्पस (सूंस) आदि की मौजूदगी भी यहां दर्ज की जा चुकी है। ग्रेट बैरियर रीफ़ हम्पबैक व्हेल्स का ब्रीडिंग एरिया माना जाता है, जो कि अंटार्कटिक से प्रवास के लिए यहां पहुंचती हैं।

सी टर्टल्स की भी कई प्रजातियां ग्रेट बैरियर रीफ़ में ब्रीड करने आती हैं। पक्षियों की लगभग 200 से अधिक प्रजातियां रीफ़ में घोंसला बनाने या आइलैंड पर बसेरा बनाने के लिए आती हैं, जिनमें सीर्बड की और शोर्रबड की प्रजातियां भी शामिल हैं।

इसी तरह सांपों की भी अनेक प्रजातियां ग्रेट बैरियर रीफ़ में पाई गई हैं, वहीं मछलियों की हज़ार से ज्यादा प्रजातियां यहां पाई जाती हैं। रीफ़ सिस्टम में एसीडियंस की लगभग 300 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां कुबड़ा व्हेल्स, डॉल्फ़िन और कछुए के रूप में समुद्री जीव-जंतु तो पाए ही जाते है।

साथ ही जानवरों और पौधों की भी कई प्रजातियां शामिल है। दुनिया के प्राकृतिक आश्चर्यों की सूची में ये निर्विवाद तौर पर सबसे अच्छा पारिस्थितिकी तंत्र है।

webdunia
FILE

गोताखोरी और नौकायन :- ग्रेट बैरियर रीफ़ का छिछला और साफ पानी सबको हैरान कर देता है। आमतौर पर इस रीफ़ को देखने और यहां डाइविंग का मज़ा लेने दुनियाभर से पूरे साल लाखों लोग पहुंचते है लेकिन इसके लिए सबसे अच्छा समय नवंबर से जून तक माना जाता है क्योंकि इस दौरान यहां मौसम साफ़ रहता है जिसमें पानी में दृश्यता अच्छी मिलती है।

ग्रेट बैरियर रीफ़ ख़ासतौर पर गोताखोरों की जगह ही मानी जाती है और इसे गोताखोरों का स्वर्ग कहा जाता है। पानी के अंदर नमक बहुत कम है और ये इतना साफ है कि आर पार देखा जा सकता है। हालांकि आप चाहे तो डाइविंग या गोताखोरी की बजाय यहां नौकायन का लुत्फ़ भी उठा सकते हैं।

आरामगाह है तस्मानिया :- अगर आप शांति और आराम के लिए ऑस्ट्रेलिया आए हैं तो तस्मानिया ज़रूर जाएं। तस्मानिया वो जगह है जहां आप शहरी भागदौड़ की ज़िंदगी से थोड़ा आराम पा सकते हैं। तस्मानिया व्यापक तौर पर वन्य-जीवन और सुंदरता के लिए जाना जाता है ।


webdunia
FILE


ऑस्ट्रेलिया की शान है सिडनी :- ऑस्ट्रेलिया में सिडनी सबसे बड़ा और सबसे लोकप्रिय शहर है और अकेले यहां ही कई दिलचस्प टूरिस्ट लोकेशन्स मौजूद हैं। सबसे मशहूर है सिडनी ओपेरा हाउस, जिसे डच आर्किटेक्ट जान उत्जों ने डिज़ाइन किया है।

सैलानियों को बैकस्टेज और फ्रंट दोनों में जाने और देखने की इजाज़त है। इसके अलावा सिडनी में हंटर वेली विनरीज़, हार्बर हाईलाइट्स क्रूज़, डार्लिंग हार्बर पर द मरीन एक्वेरियम जेनोलन केव्स, और कई पर्यटन स्थल देखने लायक हैं।

रोमांच और आकर्षण का दूसरा नाम है पर्थ :- ऑस्ट्रेलिया के दूसरे शहर पर्थ में भी कई मनोहारी प्राकृतिक दृश्य, वाइल्ड लाइफ़ (वन्य-जीवन), आदिवासी संस्कृति, जलीय रोमांच और आकर्षण की विस्तृत श्रृंखला का मज़ा ले सकते हैं। यहां पर्थ ज़ू, द पर्थ मिंट, स्टिर्लिंग गार्डन्स, लेक मोंगर और हिज़ मेजेस्टी थियेटर काफ़ी मशहूर हैं।

फ्रेसर आईलैंड :- फ्रेसर आईलैंड दुनिया का सबसे बड़ा रेतीला आईलैंड है। आप इसे प्रकृति का छिपा हुआ खज़ाना कह सकते हैं। यहां आप खतरे में पड़ी कुत्तों की प्रजाति डिंगो और सिर्फ़ ऑस्ट्रेलिया में ही पाई जाने वाली विभिन्न तरह की दुर्लभ मछलियां भी देख सकते हैं। स्वर्ग की तरह दिखने वाले ये समुद्र तट बेहद लोकप्रिय हॉलिडे डेस्टिनेशन है, जहां दुनिया भर से पर्यटक आते हैं।

webdunia
FILE


काकाडू नेशनल पार्क :- काकाडू नेशनल पार्क को ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित कर दिया गया है। समुद्र तट से दक्षिण में 200 किमी और पूर्व से पश्चिम में 100 किमी तक फैला हुआ है। काकाडू नेशनल पार्क में वन्य जीवन और स्थानीय वनस्पति की समृध्द विरासत है। ये करीब 500 ऐबोर्गिनि आदिवासियों का भी घर है।

उलुरु :- उलुरु एक ही पत्थर से बनी दुनिया की सबसे बड़ी चट्टान है। ये एक सबसे बड़ी दुनिया के प्राकृतिक आश्चर्यों में से एक है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय उलुरु की सैर एक आदर्श नज़ारे और अहम पलों का एहसास करने जैसा है। ये ऐसा वक़्त होता है जब सभी कलर लाल चट्टान पर पड़ते हैं और ये आंखों को लुभाने वाला एक नज़ारा दिखाई देता है।

ज़ाहिर है ऑस्ट्रेलिया में आप जितना सोचते हैं उससे ज्यादा पाते हैं। तभी तो जहां सैर-सपाटे के लिए लंबे-लंबे बीच है वहीं साथ में मीलों फैला खूबसूरत रेगिस्तान भी मौजूद है।

ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी ख़ासियत है, पर्यटन के लिए अनुकूलतम वातावरण, साथ ही सबसे बड़ा ग्लोबल एविएशन मार्केट। देखा जाए, तो ऑस्ट्रेलिया की केवल प्राकृतिक सुंदरता ही सैलानियों को नहीं लुभाती है बल्कि ये देश पर्यटक निवेशकों को एक सुरक्षित और स्थिर माहौल प्रदान करने के लिए भी भरसक कोशिश करता है।

ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि कुदरत ने जहां ऑस्ट्रेलिया में अपनी रहमत बरसाई है वहीं यहां के लोगों ने इस खूबसूरती को बड़े ही करीने से ना सिर्फ संभाला है बल्कि सजाया और संवारा भी है।





हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi