Publish Date: Mon, 29 Sep 2014 (17:38 IST)
Updated Date: Mon, 29 Sep 2014 (17:42 IST)
मुंबई। रिजर्व बैंक की मंगलवार को होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों द्वारा सतर्कता बरतने से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स सोमवार को करीब 29 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।
ब्रोकरों ने कहा कि मुनाफा वसूली और डॉलर के मुकाबले रुपया में नरमी के रख से भी बाजार की धारणा प्रभावित हुई।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स तेजी के साथ खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्चस्तर 26,715.77 अंक तक गया, हालांकि चुनिंदा शेयरों में मुनाफा वसूली और निवेशकों के सौदे काटने से सेंसेक्स 29.21 अंक टूटकर 26,597.11 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 9.95 अंक नीचे 7,958.90 अंक पर बंद हुआ।
एसएंडपी द्वारा भारत का साख परिदृश्य नकारात्मक से बढ़ाकर स्थायी करने से शुक्रवार को सेंसेक्स 157.96 अंक चढ़कर बंद हुआ था। सोमवार को सेंसेक्स में 30 में से 21 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 9 कंपनियों के शेयर मजबूत हुए।
हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपया में नरमी से आईटी कंपनियों के शेयरों में तेजी का रुख दर्ज किया गया जिससे टीसीएस 3.17 प्रतिशत, विप्रो 1.18 प्रतिशत और इन्फोसिस 1.90 अंक की बढ़त लेकर बंद हुआ। (भाषा)