Publish Date: Fri, 20 Nov 2015 (17:20 IST)
Updated Date: Fri, 20 Nov 2015 (17:22 IST)
मुंबई। बंबई शेयर बाजार में शुक्रवार को दूसरे दिन तेजी का रुख रहा। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच निवेशकों की लिवाली से बीएसई का सेंसेक्स 26 अंक सुधरकर बंद हुआ।
ब्रोकरों ने कहा कि सातवें वेतन आयोग द्वारा केन्द्रीय कर्मियों के वेतन व भत्ते में 23.55 प्रतिशत की वृद्धि की सिफारिश से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआत में मुनाफा वसूली की जद में रहा, लेकिन प्रमुख कंपनियों के शेयरों में चौतरफा लिवाली से यह 26.57 अंक उपर 25,868.49 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स में 359.40 अंक की तेजी दर्ज की गई थी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7,817.80 और 7,906.95 अंक के दायरे में घूमने के बाद 13.80 अंक या 0.18 प्रतिशत की बढ़त लेकर 7,856.55 अंक पर बंद हुआ। इस सप्ताह सेंसेक्स में कुल मिला कर 257.96 अंक और एनएसई निफ्टी में 94.30 अंक की बढ़त दर्ज की गई।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों के शेयरों में सबसे अधिक लाभ में गेल रही जिसका शेयर 10.07 प्रतिशत मजबूत हुआ। इसके अलावा, विप्रो, डाक्टर रेड्डीज, सिप्ला और वेदांता में भी बढ़त दर्ज की गई। (भाषा)