Publish Date: Tue, 31 Jul 2007 (01:35 IST)
Updated Date: Tue, 31 Jul 2007 (01:35 IST)
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में जुलाई फ्यूचर सौदों की समाप्ति तक बाजार को तेज बनाए रखते हुए प्रमुख खिलाड़ियों ने मोटा मुनाफा कमा लिया है। तेजड़ियों द्वारा कम समय में की गई ज्यादा खींचतान के परिणामस्वरूप प्रमुख शेयरों सहित निफ्टी में भी तकनीकी रूप से ओवरबॉट पोजीशन बन गई थी, इसलिए वैश्विक बाजारों से आई नकारात्मक खबरों से अनेक निफ्टी आधारित शेयर्स एक ही दिन में 5 से 7 प्रतिशत तक घट गए हैं। व्यवसायियों का कहना है कि बाजार की अंतर्प्रवृत्ति पूरी तरह से सट्टात्मक हो गई है। इसलिए आगामी दिनों में अनिश्चित उतार-चढ़ावकी स्थिति बनी रहेगी।
गुरुवार को रिकॉर्ड व्यवसाय मात्रा के बीच क्या प्रमुख खिलाड़ियों ने अपने खरीदी सौदे कमजोर ट्रेडर्स के हाथ में थमा दिए हैं? इसका जवाब अभी ढूँढना मुश्किल है, किंतु आज बाजार में दिनभर की गतिविधियों को देखकर यह साफ हो जाएगा कि अगले कुछ दिनों तक फ्यूचरखरीददारों को कितनी यंत्रणा झेलना है। व्यवसायियों का कहना है कि कमजोर फ्यूचर ट्रेडर्स का रुख परेशानी का कारण बन सकता है। शुक्रवार को भारी गिरावट के बावजूद बहुसंख्य फ्यूचर खरीददार निश्चिंत थे तथा अधिकांश को यह उम्मीद थी कि बाजार शीघ्र ही सुधर जाएगा। इसलिए आज या कल में बाजार नहीं संभले तो घबराहट की स्थिति निर्मित हो जाएगी।
तकनीकी विश्लेषकों का कहना है कि वैसे तो निफ्टी एवं कई हैवीवेट शेयर्स गिरते हुए अपने नजदीकी समर्थन स्तर तक आ गए हैं, इसलिए तेजी के ट्रेंड को बरकरार रखने के लिए रिलायंस, स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, रिलायंस कम्यूनिकेशंस, आईसीआईसीआई बैंक सहित कुछ अन्य प्रमुख शेयर्स के भाव समर्थन स्तर के करीब टिकना जरूरी है और यदि नजदीकी समर्थन स्तर निर्णायक रूप से टूटते हैं तो फिर मुश्किलें बढ़ जाएँगी।
निष्कर्ष यह है कि अभी तेजी का ट्रेंड नहीं टूटा है, किंतु बाजार पूरी तरह से सट्टात्मकता में फँसा हुआ है। इसलिए निवेशक नए निवेश के पहले बाजार में स्पष्ट ट्रेंड बनने का इंतजार करें तो बेहतर होगा।
नए इश्युओं में सेंट्रल बैंक को जोरदार रिस्पाँस मिला है। इश्यू कुल 62.07 गुना सबस्क्राइब हुआ है। रिटेल निवेशकों का पोर्शन 16 गुना के आसपास सबस्क्राइब होने से यह उम्मीद बन रही है कि अधिकतम सीमा तक आवेदन करने वाले निवेशकों को 60 शेयर्स मिल जाएँगे।
एशियन ग्रेनिटो का इश्यू कल बंद हो रहा है। इश्यू में फिलहाल संस्थागत निवेशकों ने कोई विशेष दिलचस्पी नहीं दिखाई है। एसईएल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी का इश्यू भी कल बंद हो रहा है। इश्यू सबस्क्राइब हो चुका है, किंतु उक्त दोनों इश्यू सट्टात्मक श्रेणी के हैं। इसलिएनिवेशक समग्र आकलन करते हुए ही निवेश करें।
बंगलोर की प्रतिष्ठित रियल स्टेट डेवलपर कंपनी पुरवनकरा प्रोजेक्ट्स का इश्यू कल खुलेगा। कंपनी 5 रुपए फेस वेल्यू के शेयर्स 500 से 525 रुपए के भाव पर जारी करेगी। मुख्य रूप से दक्षिण भारत में प्रापर्टी डेवलप कर रही कंपनी का कामकाज कोलंबो एवं यूएई में भी फैला हुआ है। जमीन की खरीदी से लेकर प्रोजेक्ट मार्केटिंग तक का काम कर रही कंपनी को प्रोजेक्ट क्वालिटी एवं समय पर काम पूरा करने के लिए क्रिसिल से 2002, 2004, 2006 एवं 2007 में अवार्ड भी मिल चुके हैं। पुरवनकरा ने एक प्रतिष्ठित विदेशी निवेशक के साथ ज्वाइंटवेंचर की शुरुआत भी की है। वित्तीय वर्ष 2007 में कंपनी की प्रति शेयर आय 6.79 रुपए रही है। इस हिसाब से अपर प्राइस बैंड पर पीई रेशो 77 के आसपास बनता है, किंतु कंपनी की लैंड बैंक एवं प्रमोटर्स की प्रतिष्ठा को देखते हुए इश्यू को संस्थागत निवेशकों का अच्छा रिस्पाँस मिल सकता है।
टेक्नॉलॉजी कंपनी टेक सॉल्यूशंस का इश्यू बुधवार 1 अगस्त को खुल रहा है। कंपनी 10 रुपए फेस वेल्यू के शेयर्स 675 से 730 रुपए के भाव पर जारी करेगी। कंपनी के वित्तीय कामकाज को देखते हुए इश्यू महँगा प्रतीत हो रहा है, किंतु कुछ दिनों पहले तीन विदेशी निवेशकों ने कंपनी से 9 लाख शेयर्स प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए खरीदे हैं। इस इश्यू में संस्थागत निवेशकों की विशेष दिलचस्पी बन सकती है।
टेक्सटाइल कंपनी केपीआर मिल का इश्यू गुरुवार 2 अगस्त को खुल रहा है। कंपनी 10 रुपए फेस वेल्यू के शेयर्स 225 से 265 रुपए के भाव पर जारी करेगी। कंपनी के कामकाज एवं मुनाफे में अच्छी बढ़त बनी हुई है, किंतु टेक्सटाइल कंपनी के शेयर में संस्थागत निवेशकोंके रिस्पाँस को देखने के बाद ही निर्णय लेना उचित रहेगा।
डिस्क्लेमर : निवेश सलाह से संबंधित सभी आलेख एवं जानकारियों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। इनमें दी गई सलाह या दिशा-निर्देश भी लेखकों के अपने हैं, अत: इनके लिए वेबदुनिया उत्तरदायी नहीं है। -संपादक