Publish Date: Fri, 03 Aug 2007 (20:58 IST)
Updated Date: Fri, 03 Aug 2007 (20:58 IST)
बैंकिंग, सीमेंट और ऑटो कंपनियों को मिले भारी समर्थन से देश के शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक (सेंसेक्स) डेढ़ सौ अंकों की बढ़त के साथ फिर से 15 हजार अंकों को पार कर गया।
सेंसेक्स कुल 152.70 अंक यानी 1.02 प्रतिशत ऊपर 15138.40 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी सूचकांक में 41.20 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की बढ़त रही। यह 4397.55 अंक पर टिका।
सेंसेक्स कल के 14985.70 अंक की तुलना में 15061.13 अंक पर खुला और यही इसका न्यूनतम स्तर रहा। एशियाई और अमेरिका के शेयर बाजारों में तेजी तथा देश में मुद्रास्फीति घटने के समाचारों से यहाँ के शेयर बाजारों में चौतरफा लिवाली को बढ़ावा मिला और सेंसेक्स 15235.51 अंक के उच्चतम स्तर तक गया।
रीयल इस्टेट कंपनियों का शेयर सूचकांक सबसे ज्यादा 2.15 प्रतिशत और उसके बाद टिकाऊ उपभोक्ता सामान की कंपनियों का सूचकांक 2.09 प्रतिशत बढ़ा। अन्य सभी कंपनी वर्गों के सूचकांकों में भी बढ़त रही।
भारतीय स्टेट बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 2.72 प्रतिशत का फायदा रहा। यह 43.25 रुपए ऊपर 1636 रुपए पर बंद हुआ। बैंक के अध्यक्ष ओपी भट्ट ने कल ही कहा कि बैंक का म्युचुअल फंडों और जीवन बीमा कारोबार के लिए दो तीन महीने में एक होल्डिंग कंपनी बनाने का प्रस्ताव है। उनका अनुमान है कि कंपनी पाँच से सात अरब डालर की होगी।
आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.65 प्रतिशत और एचडीएफसी का शेयर 2.24 प्रतिशत ऊपर गया। एनटीपीसी के शेयर में 2.34 प्रतिशत की बढ़त रही। सीमेंट कंपनियों में एसीसी और ग्रासिम इंडस्ट्रीज तथा ऑटो कंपनियों में मारुति और बजाज आटो के शेयर चढ़े। हिंडाल्को और टाटा स्टील के शेयरों में भी फायदा रहा।
सबसे ज्यादा नुकसान रेनबैक्सी के शेयर में 1.40 प्रतिशत रहा। उसका शेयर 5.20 रुपए के नुकसान से 366.25 रुपए पर बंद हुआ। डॉ. रेड्डीज लैब का शेयर 1.28 प्रतिशत टूटा। अम्बुजा सीमेंट में 0.61 प्रतिशत, भारती एयरटेल में 0.11 प्रतिशत और रिलायंस में 0.02 प्रतिशत का नुकसान हुआ।
बीएसई में कुल 2606 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। उनमें से 1544 लाभ और 996 नुकसान में रहीं जबकि 66 के शेयर भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में 25 लाभ और पाँच नुकसान में रहीं।