Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सप्ताहांत में बिकवाली से शेयर बाजार हुआ धड़ाम, सेंसेक्स व निफ्टी में रही गिरावट

हमें फॉलो करें सप्ताहांत में बिकवाली से शेयर बाजार हुआ धड़ाम, सेंसेक्स व निफ्टी में रही गिरावट
, शुक्रवार, 28 जुलाई 2023 (16:59 IST)
Share Market News: विदेशी बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और बैंक शेयरों में बिकवाली होने से शुक्रवार को मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी (Sensex and Nifty) में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही।
 
बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) कारोबार के अंत में 106.62 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 66,160.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 388.17 अंक तक कमजोर होकर 65,878.65 अंक तक आ गया था।
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का सूचकांक निफ्टी भी 13.85 अंक यानी 0.07 प्रतिशत गिरकर 19,646.05 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और मारुति सुजुकी में गिरावट दर्ज की गई।
 
दूसरी तरफ एनटीपीसी, पॉवर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में बढ़त का रुख देखा गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि जापान का निक्की गिरावट पर रहा।
 
यूरोप के बाजारों में कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख देखा जा रहा था। अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.42 प्रतिशत गिरावट के साथ 83.89 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
 
शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों गुरुवार को 3,979.44 करोड़ रुपए मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। गुरुवार को सेंसेक्स 440.38 अंक यानी 0.66 प्रतिशत गिरकर 66,266.82 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 118.40 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,659.90 अंक पर बंद हुआ था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पत्नी के आतंक से डेढ़ साल तक छुपता फिरता रहा पति, पुलिस ने किया पत्नी को गिरफ्तार