Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

प्रमुख शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स ने लगाया 1,457 अंक का गोता, निफ्टी में भी रहा नुकसान

हमें फॉलो करें प्रमुख शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स ने लगाया 1,457 अंक का गोता, निफ्टी में भी रहा नुकसान
, सोमवार, 13 जून 2022 (17:15 IST)
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,457 अंक का गोता लगाकर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी लुढ़ककर 15,774 के स्तर पर आ गया। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के साथ विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से बाजार में गिरावट आई।
 
सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भारी बिकवाली का असर दिखा। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,456.74 अंक यानी 2.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,846.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,776.36 अंक तक नीचे चला गया था।
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 427.40 अंक यानी 2.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,774.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, एनटीपीसी, इन्फोसिस और भारतीय स्टेट बैंक में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक भी भारी नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था।
 
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस. रंगनाथन ने कहा कि फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले कमजोर वैश्विक रुख का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। बाजार को आज सोमवार को जारी होने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े की प्रतीक्षा है। अमेरिका में मुद्रास्फीति के बढ़ने से वहां नीतिगत दर में तेज वृद्धि की संभावना है। इससे दुनियाभर के शेयर बाजारों पर असर पड़ा।
 
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 120.75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 3,973.95 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, एक युवक गिरफ्तार