Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

नाइजीरिया को हराकर फ्रांस विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में

Advertiesment
हमें फॉलो करें फीफा विश्व कप 2014
ब्रासीलिया , मंगलवार, 1 जुलाई 2014 (00:29 IST)
FILE
ब्रासीलिया। फ्रांस ने दूसरे हॉफ में पाल पोग्बा के गोल और जोसेफ योबो के आत्मघाती गोल के दम पर नाइजीरिया को 2-0 से हराकर विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

जुवेंटस के स्टार पोग्बा ने निर्धारित समय से 11 मिनट पहले नाइजीरियाई गोलकीपर विंसेंट एंयीमा को छकाते हुए शानदार हेडर पर गोल किया, फिर आखिरी मिनटों में मथियू वाल्बूना के क्रास पर योबो ने गेंद अपने ही गोल में डाल दी। इस हार से नाइजीरिया का पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सपना भी चूर-चूर हो गया।

फ्रांस का सामना क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को जर्मनी या अल्जीरिया से होगा। यह हार फ्रांस में बसे नाइजीरियाई गोलकीपर एंयीमा के लिए भी काफी निराशाजनक रही जिसने पूरे मैच में कई शानदार गोल बचाकर उम्मीदें बनाए रखी थीं। दिदिएर डेसचैम्प्स की फ्रांसीसी टीम हालांकि जीत की हकदार थी जिसने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा था।

नाइजीरिया ने 1998 में फ्रांस में हुए विश्व कप के बाद पहली बार अंतिम 16 में प्रवेश किया था। यहां माने गारिंचा नेशनल स्टेडियम पर जमा दर्शकों ने तालियां बजाकर टीम को विदाई दी। टीम में करीब छह बदलाव करके विश्व कप में उतरे फ्रांस ने अच्छी शुरुआत की। नाइजीरिया के लिए एमैन्युअल एमेनाइक ने 19वें मिनट में पहला मूव बनाया और उन्हें लगा कि अहमद मूसा के पास पर उन्होंने गोल कर दिया है लेकिन रैफरी ने उसे ऑफसाइड करार दिया।

मथियू के मैदान में उतरने के बाद फ्रांसीसी टीम अधिक आक्रामक नजर आई। पहले हॉफ में मार्शेले के इस मिडफील्डर ने पोग्बा के साथ मिलकर अच्छे मूव बनाए लेकिन एंयीमा ने शानदार गोलकीपिंग का नजारा पेश करते हुए उन्हें नाकाम कर दिया। पहला हॉफ गोलरहित रहा। फ्रांस को 40वें मिनट में भी गोल करने का मौका मिला था जब मथियू ने डेबूची को सर्कल के भीतर गेंद सौंपी, लेकिन उनका निशाना चूक गया।

फ्रेंच स्ट्राइकर ओलिवियर गिरोड और करीम बेंजेमा पहले हॉफ में नाइजीरिया के मजबूत डिफेंस के आगे कुछ नहीं कर सके। दूसरे हॉफ में नाइजीरिया ने तेज शुरुआत की। ओडेमविंजी गोल करने के करीब पहुंचे लेकिन फ्रांसीसी कप्तान हुजो लोरिस ने उन्हें कामयाबी नहीं मिलने दी।

गिरोड की जगह अंतोइने ग्रिएजमैन को उतारने का फ्रांसीसी कोच का फैसला सही साबित हुआ जिनके आने से खेल में तेजी आई। बेंजेमा 70वें मिनट में पहली बार खतरनाक दिखे लेकिन विक्टर मोसेस ने उन्हें भी सफलता से वंचित रखा।

लगातार हमलों का फायदा फ्रांस को मिला जब पोग्बा ने आठवें कॉर्नर पर टीम को सफलता दिलाई। यह अभी तक चट्टान की तरह गोल के सामने टिके रहे एंयीमा की पहली गलती थी। फ्रांस ने अतिरिक्त समय में बढ़त दुगुनी कर ली जब मथियू से गेंद छीनने के प्रयास में योबो ने अपने ही गोल में उसे डाल दिया। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi