Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सोने से भरी भारतीय भारोत्तोलकों की झोली

Advertiesment
हमें फॉलो करें सोने से भरी भारतीय भारोत्तोलकों की झोली
नई दिल्ली , गुरुवार, 7 जून 2012 (22:54 IST)
भारतीय भारोत्तोलकों ने समोआ के अपिया में चल रही राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में सोना बटोरो अभियान जारी रखते हुए प्रतियोगिता के दूसरे दिन 13 स्वर्ण पदक सहित 19 पदक जीते।

दूसरे दिन के बाद भारत के पदकों की संख्या 34 तक पहुंच गई है, जिसमें 24 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत ने बुधवार को पहले दिन ही 11 स्वर्ण सहित 15 पदक जीते थे।

लैशराम मोनिका देवी ने आज स्वर्ण पदक जीतने के अभियान की अगुवाई की। उन्होंने महिलाओं के 69 किग्रा भार वर्ग में 207 किग्रा वजन उठाकर सोने का तमगा हासिल किया।

रुस्तम सारंग (सीनियर पुरुष वर्ग 62 किग्रा), एन. सुनील कुमार (सीनियर पुरुष वर्ग 69 किग्रा) और राजवंत कौर (सीनियर महिला 63 किग्रा) ने भी अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। सारंग ने 260 किग्रा, सुनील ने 278 किग्रा और राजवंत ने 172 किग्रा भार उठाया।

राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप युवा (लड़के और लड़कियों का वर्ग), जूनियर (पुरुष एवं महिला) तथा सीनियर (पुरुष एवं महिला वर्ग) में आयोजित की जा रही है।

भारत की तरफ से स्वर्ण पदक जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों में सोरोम हिटलर तागरू (लड़कों के 62 किग्रा), कोजुम ताबा (लड़कों के 69 किग्रा), रागला वेंकट राहुल (लड़कों के 77 किग्रा), वाई एम नफीसा (लड़कियों के 69 किग्रा), अच्युतानंदा साहू (जूनियर पुरुष 62 किग्रा), विकास ठाकुर (जूनियर पुरुष 77 किग्रा), राखी हल्दर (जूनियर महिला 63 किग्रा) और ओइनाम गीता देवी (जूनियर महिला 69 किग्रा) शामिल हैं।

डी सेंतामिज सेलवान (सीनियर पुरुष 62 किग्रा), साम्बो लापंग (लड़कों के 69 किग्रा), स्वप्ना पिया बरुआ (लड़कियों के 69 किग्रा) और श्रीनिवासन मानिवानन (जूनियर पुरुष 62 किग्रा) ने रजत पदक जीते। सुभाषमिता मोहंती (लड़कियों के 63 किग्रा) और जसवीर कौर (जूनियर महिला 63 किग्रा), ने कांस्य पदक हासिल किए। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi