Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

फुटबॉल मैदान में रोमारियो के 1000 गोल

Advertiesment
हमें फॉलो करें फुटबॉल मैदान में रोमारियो के 1000 गोल
-स्वरूप बाजपेय
फुटबॉल विश्व कप 1990 (इटली) और 1994 (अमेरिका) में अपने देश ब्राजील का सफल प्रतिनिधित्व कर चुके रोमारियो ने पिछले दिनों ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के दौरान अपने फुटबॉल कॅरियर का 1000वाँ गोल किया।

41 वर्षीय रोमारियो ने वास्को दा गामा की ओर से स्पोर्ट ऑफ रेसिफ के खिलाफ 48वें मिनट में मिले पेनल्टी से यह गोल किया तथा उपलब्धि प्राप्त की। उनकी टीम 'वास्को' ने दूसरे दौर का यह मैच 3-1 से जीता।

रोमारियो के इस गोल ने 'वास्को' की बढ़त 3-0 बना दी थी : खेल कुछ देर के लिए रुक गया, कारण रोमारियो का गोल बनते ही उनके माता-पिता, पत्नी और बच्चों सहित पत्रकारों का हुजूम जो मैदान पर पहुँच गया था।

रोमारियो स्वयं प्रशंसकों के अभिवादन का प्रत्युत्तर दे रहे थे। उन्होंने 1000वें गोल को उन सभी लोगों को समर्पित किया, जो हमेशा उनकी मदद करते रहे, उनके साथ खड़े रहे। अश्रुपूरित आँखें लिए रोमारियो ने कहा कि मैं इसके लिए ईश्वर का धन्यवाद अदा करता हूँ। यह मेरे लिए एवं विश्व फुटबॉल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।

उन्होंने यह भी कहा, 'मैं इस गोल को पाने के लिए अत्यधिक मेहनत कर रहा था और एक वक्त मैंने यह भी सोचा कि मैं इसे कभी न पा सकूँगा। निःसंदेह एक व्यावसायिक खिलाड़ी के रूप में यह मेरे ॅरियर का सर्वाधिक महत्वपूर्ण क्षण है।'

इस अभिनंदन के पश्चात रोमारियो ने मैच खत्म करने के लिए पुनः मैदान संभाला। पीएसवी एंडोवन एवं बार्सिलोना के इस पूर्व खिलाड़ी को एक विशेष शर्ट इस विशेष अवसर पर क्लब के अध्यक्ष युरिको मिरांडा ने भेंट की, जिसके पृष्ठ भाग पर 1000 की संख्या अंकित थी।

रोमारियो- कुछ तथ्य : रोमारियो डिसूजा फारिया का जन्म रियो डि जनेरो (ब्राजील) में 30 जनवरी 1966 को हुआ। उन्होंने ब्राजील की ओर से अपना पहला मैच आयरलैंड (मई 1987) के खिलाफ खेला तथा अंतिम मैच ग्वाटेमाला (अक्टूबर 2005) के खिलाफ। इस दौरान रोमारियो ने 73 मैच में 56 गोल स्कोर किए।

विश्व कप फुटबॉल और रोमारियो : 1990 एवं 1994 की दो विश्व स्पर्धाओं में वे ब्राजील टीम के सदस्य रहे। 1990 में तो वे केवल स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में ही उतारे गए, किंतु 1994 का विश्व कप रोमारियो का रहा। प्रत्येक मैच में उनकी प्रभावशाली मौजूदगी रही। पाँच गोल उन्होंने स्कोर किए और इस प्रतिभाशाली प्रहारक की क्षमता ने ब्राजील को विश्व कप चौथी बार दिलाने में काफी मदद की।

चोटग्रस्तता की वजह से रोमानियो 1998 में नहीं खेल सके। 2002 में प्रशिक्षक लुई फिलिफ स्कोलारी की अनदेखी का शिकार वे बने, जबकि ब्राजीलियन रोमारियो को टीम में देखना चाहते थे।

व्यावसायिक कॅरियर की शुरुआत : रोमारियो ने जून 1985 में ब्राजीलियन चैंपियनशिप के दौरान क्लब वास्को दा गामा की ओर से व्यावसायिक करियर की शुरुआत की, मैच था कोरितिबा के खिलाफ। दो महीने बाद उन्होंने पोर्तुगीसा के खिलाफ अपना पहला व्यावसायिक गोल किया, जो मैच समाप्ति तक हैट्रिक में तब्दील हो गया।

पीएसवी एंडोवन, बार्सिलोना और वेलेंसिया अन्य क्लब थे, जिनसे रोमारियो जुड़े रहे। वास्को की ओर से क्लब के रियो डि जेनेरो प्रतिद्वंद्वी फ्लेमेंगो एवं फ्लूमिनेंस के खिलाफ भी वे उतरे। नई सदी के कुछ वर्ष उन्होंने कतर के अल साद से जुड़कर भी गुजारे। चार मैच एडिलेड यूनाइटेड (ऑस्ट्रेलिया) व तीन मैच मियामी एफसी (अमेरिका) की ओर खेले।

अमेरिकी विश्व कप (1994) व रोमारियो : उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि वे इस विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी होंगे तब लगा था कि यह उनका बड़बोलापन है। तब की स्थिति यह थी कि ब्राजील की विश्व कप जीत की संभावना पाँचवें या छठे स्थान का महत्व रखती थी। फीफा ने वरीयता क्रम में ब्राजील को चौथा स्थान दिया था और रोमारियो का दावा था सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का।

उसी ब्राजील ने रोमारियो के विश्वास को अमली जामा पहनाया। विश्व कप में पहली बार फाइनल में टाईब्रेकर का सहारा लिया गया और इटली को 3-2 से शिकस्त देते हुए ब्राजील 24 वर्ष बाद एक बार फिर विश्व विजेता बन गया। टीम के साथ-साथ फारवर्ड रोमारियो विश्वभर की पत्र-पत्रिकाओं में छाए रहे। एक पत्र ने लिखा, 'एक बार फिर रोमारियो ने रंग जमा लिया।'

पाँच गोल स्पर्धा में करने वाले रोमारियो को गोल्डन बॉल ट्रॉफी के रूप में फुटबॉल जगत का सर्वश्रेष्ठ सम्मान मिला। अपने स्पर्धाई प्रदर्शन के मद्देनजर रोमारियो ने 2400 अंक प्राप्त किए तथा अपने अन्य प्रतिद्वंद्वी रॉबर्टो बाजियो इटली (1500 अंक) तथा रिस्तो स्तोइचकोव बल्गारिया (1400 अंक) को पीछे छोड़ा।

विश्व कप फुटबॉल परिसंघ के तकनीकी अध्ययन दल, अधिकारियों एवं अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने रोमारियो को बेहतर माना। यह रोमारियो के फुटबॉल जीवन का चरम था। एक फुटबॉलर और चाहेगा क्या!

रोमारियो के 1000 गो
1000 क्लब के अन्य सदस्य ए. फ्रेंडनरीच (ब्राजील) 1329, पेले (ब्राजील) 1281 तथा फ्रांज विंडर (ऑस्ट्रिया) 1005।
* 263 गोल वास्को के लिए स्कोर किए।
* 187 फ्लेमेंगो के लिए।
* 130 डच फुटबॉल क्लब पीएसवी एंडोवन के लिए।
* 56 ब्राजील की ओर से अंतरराष्ट्रीय करियर में।
* 47 फ्लूमीनेंस की ओर से।
* 39 बार्सिलोना।
* 22 मियामी एफसी की ओर से।
* 6 गोल वेलेंसिया की ओर से।
* 1 गोल एडिलेड यूनाइटेड।
* रोमारियो ने 172 गोल उन मैचों में स्कोर किए, जिन्हें सामान्यतः स्पर्धात्मक नहीं माना जा सकता।
* रोमारियो के 77 गोल युवा टीम स्तर के हैं। इनमें से 7 गोल वे हैं, जब वे मात्र 13 वर्ष बच्चाई उम्र में 'ओलारिया' की ओर से खेला करते थे।
* वस्तुतः रोमारियो ने 751 गोल अंतरराष्ट्रीय जमात के तथा क्लबों के स्पधाई मैचों में स्कोर किए।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi